spot_img
Homeमहाराष्ट्रअच्छी बारिश से मुंबई की जलापूर्ति को राहत सातों झीलों में बढ़ा...

अच्छी बारिश से मुंबई की जलापूर्ति को राहत सातों झीलों में बढ़ा जलसंग्रह

मुंबई (सं.भा.) लगातार हो रही बारिश से मुंबई की जलापूर्ति व्यवस्था को बड़ी राहत मिली है। शहर को पानी उपलब्ध कराने वाली सातों झीलों में जलभंडार तेजी से बढ़ रहा है और अब कुल उपयोगी जलसंग्रह 92 फीसदी से अधिक पहुंच गया है। हालांकि झीलों में पर्याप्त पानी जमा होने के बावजूद मुंबईकरों को फिलहाल पानी की कटौती से पूरी तरह राहत नहीं मिली है।

बीएमसी के अनुसार, रविवार 16 अगस्त की सुबह 6 बजे तक सातों झीलों में कुल 13 लाख 34 हजार 979 मिलियन लीटर पानी जमा था, जो कुल उपयोगी क्षमता का 92.24 फीसदी है। अच्छी बारिश के चलते जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाली मोडक सागर, विहार और तुलसी झील पूरी तरह भर चुकी हैं। वहीं तानसा झील में 99.26 फीसदी, मध्य वैतरणा में 96.95 फीसदी, भातसा में 90.62 फीसदी और ऊपरी वैतरणा में 83.20 फीसदी पानी का स्टॉक दर्ज किया गया है।

झीलों में पानी की स्थिति बेहतर होने के बावजूद फिलहाल घरों में 10 फीसदी और औद्योगिक इस्तेमाल के लिए 20 फीसदी पानी की कटौती जारी है। स्विमिंग पूल के लिए लागू पानी कटौती पिछले सप्ताह ही समाप्त कर दी गई थी। जलस्रोतों में इसी तरह पानी की आवक बनी रही और सभी झीलें पूरी क्षमता के करीब पहुंचीं तो अन्य कटौती भी जल्द समाप्त होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com