spot_img
Homeफिल्मी खबरें‘चुप रहना कमजोरी समझा गया’, गोविंदा ने शादी और करियर पर किया...

‘चुप रहना कमजोरी समझा गया’, गोविंदा ने शादी और करियर पर किया खुलासा

मुंबई (सं.भा.): अभिनेता गोविंदा ने आखिरकार अपनी निजी जिंदगी को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ दी है। पत्नी सुनीता आहूजा के साथ रिश्ते को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए गोविंदा ने इसे महज गॉसिप नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश करार दिया है। अभिनेता का कहना है कि वह अब तक इसलिए खामोश थे, क्योंकि बेवजह विवादों को हवा नहीं देना चाहते थे, लेकिन लगातार चुप्पी को कमजोरी समझे जाने के बाद उन्हें सामने आना पड़ा। ANI को दिए एक इंटरव्यू में गोविंदा ने कहा कि कई बार चुप रहने का मतलब यह मान लिया जाता है कि व्यक्ति ही दोषी है। इसी वजह से उन्होंने इस बार खुलकर अपनी बात रखने का फैसला किया। उन्होंने दावा किया कि कुछ करीबी लोग भी अनजाने में ऐसी साजिशों का हिस्सा बन सकते हैं, जिन्हें शुरुआत में इसकी गंभीरता का अंदाजा नहीं होता।

अपने फिल्मी करियर को लेकर चल रही अटकलों पर भी गोविंदा ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि फिल्मों से दूरी उनकी अपनी पसंद है, न कि काम की कमी का नतीजा। अभिनेता के मुताबिक, उन्होंने बीते वर्षों में खुद कई फिल्में रिजेक्ट की हैं। गोविंदा ने साफ कहा कि इसे उनकी शिकायत या हताशा के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। गोविंदा ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी सुनीता अक्सर उनके द्वारा प्रोजेक्ट्स ठुकराने को लेकर परेशान रहती थीं, लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उन्हें भी अनजाने में किसी बड़े खेल का हिस्सा बनाया जा सकता है। अभिनेता ने क्रिकेट की भाषा में उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ लोग उन्हें ‘ओपनिंग बैट्समैन’ की तरह आगे कर देते हैं, जबकि असली मकसद कुछ और होता है।

बिना किसी का नाम लिए गोविंदा ने आरोप लगाया कि जैसे ही कोई कलाकार एक खास स्तर की लोकप्रियता हासिल करता है, उसे बदनाम करने की कोशिशें शुरू हो जाती हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि अतीत में उन पर लगाए गए कई आरोप बाद में गलत साबित हुए और आरोप लगाने वालों का खुद पर्दाफाश हुआ। इतना ही नहीं, गोविंदा ने यह भी दावा किया कि उनकी पत्नी, भतीजे और कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक को भी उनके खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीवी शोज़ में कृष्णा से कई बार ऐसे डायलॉग बुलवाए जाते हैं, जो उनकी छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। गोविंदा ने बताया कि उन्होंने कृष्णा को इस बारे में आगाह भी किया है। गौरतलब है कि गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी 1987 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं—बेटी टीना आहूजा, जिन्होंने 2015 में बॉलीवुड में कदम रखा था, और बेटे यशवर्धन, जो जल्द ही अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने वाले हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com