मुंबई (स भा): आज की युवा पीढ़ी में ‘बॉडी बनाने’ का जुनून इस कदर हावी है कि वे अपनी सेहत से भी खिलवाड़ करने को तैयार हैं। दुखद यह है कि कुछ जिम ट्रेनर इसी शौक का फायदा उठा रहे हैं, और लाखों रुपए के प्रतिबंधित इंजेक्शन चोरी-छिपे बेचकर मालामाल हो रहे हैं। यह गोरखधंधा युवाओं के स्वास्थ्य को गंभीर खतरे में डाल रहा है।
हाल ही में, फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बोरीवली, अंधेरी और मीरा रोड स्थित जिमों में छापेमारी की, जहाँ लाखों रुपए के प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुए। इन घातक ड्रग्स के सेवन का बढ़ता क्रेज तब सामने आया जब कई कॉलेज छात्र और युवा कई खतरनाक बीमारियों का शिकार हुए। पीड़ितों ने बताया कि शुरुआत में इन इंजेक्शनों को लगाने के बाद उन्हें काफी ऊर्जावान महसूस हुआ और उनके शरीर में तेजी से मसल्स बढ़ने लगे। हालांकि, धीरे-धीरे इसके गंभीर नुकसान नजर आने लगे। कई लड़कों के शरीर के कुछ आंतरिक अंगों ने काम करना बंद कर दिया, जबकि कुछ युवाओं के लीवर और किडनी पर बुरा असर पड़ा है। इन इंजेक्शनों को दो हजार से ढाई हजार रुपए में चोरी-छिपे बेचा जाता है।


