मीरारोड (सं. भा.) दानपेटी से पैसे चुराने वाले एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोरी की यह घटना मीरारोड पूर्व, नया नगर के सेक्टर 4 में स्थित इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर में घटित हुई जहां एक नाबालिग चोर द्वारा दानपेटी तोड़कर अंदाजन 1 लाख रु. तक की चोरी कर लिया गया। चोरी करने वाले नाबालिग चोर को नया नगर पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार की देर रात मंदिर बंद हो जाने के बाद मंदिर में घुस कर अज्ञात चोर ने दान पेटी से रकम चोरी कर ली थी। चोरी की पूरी वारदात मंदिर प्रांगण और मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। बुधवार सुबह मंदिर का मुख्य पुजारी जब मंदिर में पूजा करने आए तब दानपेटी का ताला टूटा देख चोरी होने का खुलासा हुआ था। इसकी शिकायत नयानगर पुलिस में दर्ज कराई थी।


