मुंबई (सं.भा.) महानगर में मरीजों के इलाज के लिए जरूरी रक्त की उपलब्धता पर त्योहारों की छुट्टियों का असर दिखाई देने लगा है। दिवाली और अन्य पर्वों के दौरान रक्तदान शिविरों की संख्या घटने से शहर के कई अस्पतालों के ब्लड बैंकों में स्टॉक कम हो गया है। टाटा मेमोरियल अस्पताल सहित सरकारी और निजी अस्पतालों में रक्त की कमी चिंता का विषय बनती जा रही है। हालात को देखते हुए अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की है।
टाटा मेमोरियल अस्पताल के निदेशक डॉ. सीएस प्रमेश ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से रक्तदान की अपील की है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में रक्त और रक्त से तैयार होने वाले उत्पादों की गंभीर कमी महसूस की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपने आवासीय परिसरों और हाउसिंग सोसायटियों में बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का आग्रह किया है। अस्पताल की टीम ऐसे शिविरों के आयोजन में सहयोग करने के लिए तैयार है। इच्छुक संस्थाएं और सोसायटियां dtm.tmh@tmc.gov.in पर संपर्क कर सकती हैं। डॉ. प्रमेश ने इस अपील को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का भी अनुरोध किया है।  
रक्त की कमी का असर केवल टाटा मेमोरियल अस्पताल तक सीमित नहीं है। बीएमसी के केईएम, सायन और नायर अस्पतालों के अलावा जेजे, सेंट जॉर्ज और कामा जैसे सरकारी अस्पतालों के ब्लड बैंकों में भी स्टॉक कम होने की जानकारी सामने आई है। राज्य में रक्त बैंकों की व्यवस्था से जुड़ी स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल (SBTC) के निदेशक डॉ. सुहास मोहनालकर ने बताया कि सोमवार को सभी ब्लड बैंक के काउंसलरों की बैठक बुलाई गई है। इसके साथ ही बड़े एनजीओ और सामाजिक संस्थाओं से संपर्क कर रक्तदान शिविर आयोजित करने की अपील की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से नजदीकी ब्लड बैंक में जाकर रक्तदान करने का आग्रह किया है।
फरवरी 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के सरकारी और निजी अस्पतालों में प्रतिदिन लगभग 1,000 से 1,400 यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है। इस हिसाब से महीनेभर में करीब 30 से 42 हजार यूनिट रक्त की खपत होती है। थैलेसीमिया और कैंसर के मरीजों, सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों, बड़ी सर्जरी तथा प्रसव के दौरान होने वाले अत्यधिक रक्तस्राव के मामलों में रक्त की जरूरत सबसे अधिक होती है। मुंबई में लगभग 53 से 58 लाइसेंस प्राप्त ब्लड बैंक संचालित हैं। गर्मी और त्योहारों के दौरान रक्तदान शिविर कम होने से इन पर दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में अस्पतालों में रक्त की नियमित उपलब्धता बनाए रखने के लिए नागरिकों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी बेहद जरूरी हो गई है।
रक्तदान शिविरों में आई कमी, अस्पतालों के ब्लड बैंक खाली होने की कगार पर
RELATED ARTICLES


