spot_img
Homeउत्तर प्रदेशरफ्तार ने छीनी तीन दोस्तों की जिंदगी, एक साथ उठीं तीन अर्थियां

रफ्तार ने छीनी तीन दोस्तों की जिंदगी, एक साथ उठीं तीन अर्थियां

फतेहपुर, (सं.भा.) उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन परिवारों के चिराग बुझ गए। जिम से घर लौट रहे एक ही बाइक पर सवार तीन 19 वर्षीय दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया।
यह दुर्घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर गडरियन पुरवा के पास सुबह करीब 5:15 बजे हुई। मृतकों की पहचान चित्रांश नगर निवासी स्पर्श गौतम, विष्णुपुरी कॉलोनी निवासी अनुज पाल और तामेश्वर नगर निवासी विशेष पटेल के रूप में हुई है। तीनों दोस्त सुबह जिम गए थे और वहां से एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।


तीनों मृतक अपने भविष्य को संवारने में जुटे थे। स्पर्श एलएलबी की तैयारी कर रहा था, जबकि अनुज बीफार्मा का छात्र था। तीसरा दोस्त विशेष मेरठ में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। उसे सोमवार को ही वापस मेरठ जाना था, लेकिन उससे पहले हुए हादसे ने उसकी जिंदगी खत्म कर दी। तीनों की असमय मौत से परिवारों के साथ उनके परिचितों और मित्रों में भी शोक का माहौल है।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि सोमवार सुबह हाईवे पर दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल पर तीनों युवक मृत अवस्था में मिले। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में शामिल ट्रक की पहचान करने के साथ फरार चालक की तलाश की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com