अवैध निर्माण का नोटिस
मुंबई (सं. भा.) । बॉलीवुड के ‘डिस्को डांसर’ और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती मालाड इलाके में अपने बंगले में कथित अवैध निर्माण को लेकर बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के निशाने पर आ गए हैं। बीएमसी प्रशासन ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। हालांकि, मिथुन चक्रवर्ती ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया है कि उनके पास कोई भी अनधिकृत संरचना नहीं है।
बीएमसी प्रशासन ने मिथुन चक्रवर्ती को मालाड के मढ क्षेत्र के एरंगल गांव में स्थित उनके भूखंड पर कथित अवैध निर्माण कार्य के संबंध में यह कारण बताओ नोटिस भेजा है। 10 मई को जारी किए गए इस नोटिस में, बंगले में किए गए परिवर्तनों के बारे में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। बीएमसी ने चेतावनी दी है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, तो अवैध निर्माण को मालिक के खर्च पर ध्वस्त कर दिया जाएगा, और कानूनी कार्यवाही भी शुरू की जाएगी। यह नोटिस मनपा अधिनियम की धारा 351 (1ए) के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है।
मिथुन चक्रवर्ती ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा है, “मैंने कोई अवैध निर्माण नहीं किया है। मेरे पास कोई अवैध संरचना नहीं है। यह नोटिस कई लोगों को भेजा गया है।” उन्होंने यह भी कहा कि वे बीएमसी को अपना जवाब भेजने की तैयारी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मढ इलाके में फर्जी नक्शों के आधार पर किए गए निर्माण कार्यों के खिलाफ बीएमसी ने कड़ी कार्रवाई शुरू की है। इस क्षेत्र में लगभग 101 अनधिकृत निर्माणों की पहचान की गई है। इस महीने की 9 तारीख को, एरंगल गांव में 10 संरचनाओं को ध्वस्त किया गया था, और 13 मई को 14 और अनधिकृत निर्माणों पर बीएमसी का बुलडोजर चला था। बीएमसी प्रशासन ने मई के अंत तक फर्जी नक्शों के आधार पर बने सभी 101 अवैध निर्माणों को गिराने का फैसला किया है। अब देखना यह है कि मिथुन चक्रवर्ती इस नोटिस का क्या जवाब देते हैं और बीएमसी आगे क्या कदम उठाती है।


