- 19 मई से ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू
मुंबई (सं. भा.) । महाराष्ट्र में शिक्षा विभाग एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब राज्य भर के सभी जूनियर कॉलेजों में 11वीं कक्षा में दाखिले के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। यह प्रक्रिया आगामी 19 मई से प्रारंभ होगी। पहले यह ऑनलाइन व्यवस्था केवल छह महानगरपालिका क्षेत्रों तक ही सीमित थी, लेकिन इस वर्ष से पूरे राज्य में इसे लागू किया जा रहा है। इस कदम का मकसद प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना, उसे सुव्यवस्थित करना और अनियमितताओं पर अंकुश लगाना है।
हालांकि, ऑनलाइन प्रवेश की इस नई व्यवस्था के साथ ही एक चिंताजनक पहलू भी सामने आया है। शिक्षा विभाग ने छात्रों और अभिभावकों को प्रवेश के नाम पर सक्रिय फर्जी वेबसाइटों से सावधान रहने की चेतावनी दी है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि कुछ धोखेबाज तत्व ऑनलाइन प्रक्रिया का फायदा उठाकर विद्यार्थियों को ठगने की कोशिश कर सकते हैं। विभाग ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान या संदिग्ध वेबसाइट पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही ध्यान दें।
गौरतलब है कि इससे पहले मुंबई, पुणे-पिंपरी चिंचवड, नागपुर, नाशिक, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका क्षेत्रों में ही 11वीं के दाखिले ऑनलाइन माध्यम से होते थे। लेकिन अब राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश के जूनियर कॉलेजों को इस दायरे में लाने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस एक समान ऑनलाइन प्रक्रिया से प्रवेश प्रणाली अधिक निष्पक्ष और त्रुटि रहित बनेगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि राज्य बोर्ड की दसवीं कक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक तौर पर जारी की जाएगी। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक घोषणा का इंतजार करें और किसी भी भ्रामक जानकारी के झांसे में न आएं।


