उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पक्ष और विपक्ष दोनों तरफ से कोशिश की जा रही है। मल्लिकार्जुन खरगे विपक्षी दलों से संपर्क कर रहे हैं ताकि आइएनडीआइए
गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार पर सहमति बन सके। विपक्षी दल चुनाव लड़ने से पीछे नहीं हटना चाहते हैं ताकि एक मजबूत राजनीतिक संदेश दिया जा सके। उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है। बता दें कि उपराष्ट्रपति
जगदीप धनखड़ ने पिछले महीने स्वास्थ्य कारणों की वजह से उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद नए उप-राष्ट्रपति के चुनाव को लेकर गहमा-गहमी शुरू हो चुकी है। इस बीच विपक्ष ने भी अपना दांव चलना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए आइएनडीआइए का अपना संयुक्त उम्मीदवार उतारने की कवायद में जुट गए हैं। वे इसके लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे है। इसके तहत नामों पर सहमति बनाने के लिए वह लगातार विपक्षी दलों से संपर्क कर रहे हैं। इस दांव से कांग्रेस के साथ बाकी दलों की एकता बढ़ेगी और अलांयस को मजबूती मिलेगी। आइएनडीआइए का यह मानना है कि विपक्षी दलों को परिणाम की परवाह किए बिना एक मजबूत राजनीतिक संदेश देने के लिए चुनाव लड़ने से पीछे नहीं हटना चाहिए।
गौरतलब है कि जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई की शाम अचानक स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उनके इस्तीफे के पीछे कई अन्य कारणों को लेकर भी लगातार चर्चा हो रही है।
चुनाव आयोग ने पिछले गुरुवार को नौ सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की थी। इसके साथ ही धनखड़ के उत्तराधिकारी के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई। अधिसूचना के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है और दस्तावेजों की जांच 22 अगस्त को की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 25 अगस्त है।
अभी तक संकेत तो यही है कि उम्मीदवार चुनने को लेकर कोई ठोस चर्चा तो नहीं हुई है, लेकिन संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श के लिए आइएनडीआइए के सहयोगियों के बीच गुप्त बातचीत चल रही है और खरगे आम सहमति बनाने के लिए विपक्षी दलों से संपर्क कर रहे हैं।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि सभी दलों में इस बात पर आम सहमति है कि आइएनडीआइए उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एक संयुक्त उम्मीदवार खड़ा करेगा। हालांकि, विपक्षी खेमे के एक वर्ग का यह भी मानना है कि भाजपा की ओर उम्मीदवार की घोषणा के बाद ही आइएनडीआइए को अपना उम्मीदवार तय करना चाहिए।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब आइएनडीआइए के घटकों के बीच एकता बढ़ी है। उन्होंने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) और कथित चुनावी धांधली के खिलाफ संघर्ष का संकल्प दोहराया है।
एकता का प्रदर्शन करते हुए आइएनडीआइए के शीर्ष नेताओं ने पिछले दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर रात्रिभोज के दौरान बैठक की थी और बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के साथ-साथ भाजपा-चुनाव आयोग के वोट चोरी मॉडल के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया था। यह विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं की पहली बैठक थी। इससे पहले उन्होंने जून, 2024 में लोकसभा चुनावों के बाद मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बैठक की थी।


