मुंबई (सं. भा.) महाराष्ट्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सचिन सावंत ने आरोप लगाया कि भाजपा अपराधों को भी धर्म के चश्मे से देखती है और इसी आधार पर राजनीतिक माहौल तैयार करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि मुस्लिम आरोपी के लिए ‘टाइम बम’ और दूसरे धर्म के अपराधियों के लिए ‘फुलझड़ी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल क्यों किया जाता है? उनके मुताबिक, अपराधी की पहचान उसके धर्म से नहीं, बल्कि उसके अपराध से होनी चाहिए।
कुर्ला में युवक व युवती के साथ हुई मारपीट की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सावंत ने इसकी कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति या समूह को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है और ऐसे मामलों में बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई होनी चाहिए।
सावंत ने मुंबई, पुणे, ठाणे और नासिक में बढ़ती आपराधिक घटनाओं तथा महिलाओं के खिलाफ अपराधों का हवाला देते हुए महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल रही है। भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में महाराष्ट्र की तुलना बिहार से बेहतर बताने की स्थिति भी बदलती नजर आ रही है।
अपराधी का धर्म देखकर कार्रवाई करती है भाजपा? सचिन सावंत ने उठाए सवाल
RELATED ARTICLES


