मुंबई (सं. भा.)। मुंबईकरों को मनोरंजन और पर्यटन का नया ठिकाना मिल गया है। पवई झील में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आधुनिक संगीतमय फव्वारे का 22 नवंबर को मुंबई उपनगर के सहपालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने उद्घाटन किया। 180 मीटर से अधिक क्षेत्र में फैले इस फव्वारे में पानी की ऊंची धाराओं, रंगीन रोशनी, लेजर और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। नागरिकों के लिए प्रतिदिन शाम 7 बजे से तीन निःशुल्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस परियोजना में 60 त्रिआयामी रोबोटिक जलधाराओं, 180 गोलाकार जलधारा यंत्रों, 45 अग्नि जलधाराओं, 30 ऊंचे फव्वारों, तीन जल पर्दों, वीडियो प्रोजेक्टर और रंगीन लेजर प्रणालियों का इस्तेमाल किया गया है। कार्यक्रम में छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य और पराक्रम की गाथा दिखाई जाएगी। आगामी छह महीनों में इसकी विषयवस्तु बदलकर मराठा इतिहास, संत परंपरा और मुंबई की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक दिलीप लांडे, उपनगर जिलाधिकारी सौरभ कटियार, म्हाडा के मुंबई झुग्गी-बस्ती सुधार मंडल के मुख्य अधिकारी सतीश भारतीय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। परियोजना का निर्माण मुंबई उपनगर जिला नियोजन समिति के पर्यटन विकास कोष से किया गया है और इसका क्रियान्वयन म्हाडा के मुंबई झुग्गी-बस्ती सुधार मंडल ने किया है।

फव्वारे से मनोरंजन के साथ झील के पानी में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। प्रतिदिन करीब 20 लाख लीटर पानी में वायु मिश्रण की प्रक्रिया से जल गुणवत्ता और जलीय जैव विविधता को लाभ पहुंचने की उम्मीद है। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए नियंत्रण कक्ष, सीसीटीवी, अग्निशमन और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि यह फव्वारा मुंबई के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।


