spot_img
Homeमहाराष्ट्रपालघर बनेगा विकास का नया इंजन, पांच बड़ी परियोजनाओं से बदलेगी मुंबई...

पालघर बनेगा विकास का नया इंजन, पांच बड़ी परियोजनाओं से बदलेगी मुंबई महानगर क्षेत्र की तस्वीर

मुंबई (सं.भा.) मुंबई महानगर क्षेत्र को देश के सबसे बड़े आर्थिक और परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने आधारभूत परियोजनाओं की रफ्तार तेज कर दी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पालघर जिले का दौरा कर पांच महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं अगले 30 वर्षों तक महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगी।

मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित वाढवण ग्रीनफील्ड बंदरगाह, बुलेट ट्रेन परियोजना, नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, नारिंगी खाड़ी पुल और उत्तन-विरार समुद्री सेतु के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आएगा और उद्योग, व्यापार, निवेश तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

करीब 76 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला वाढवण ग्रीनफील्ड बंदरगाह वैश्विक समुद्री व्यापार का प्रमुख केंद्र बनेगा। वहीं प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मुंबई के मौजूदा हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव को कम करेगा। बुलेट ट्रेन के बोईसर स्टेशन के शुरू होने से मुंबई और पालघर के बीच यात्रा का समय काफी घट जाएगा।

इसके अलावा नारिंगी खाड़ी पुल और उत्तन-विरार समुद्री सेतु सड़क संपर्क को मजबूत करेंगे। इन परियोजनाओं से यात्रा आसान होगी, औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और विरार, बोईसर तथा पालघर जैसे क्षेत्रों में किफायती आवास और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं से मुंबई महानगर क्षेत्र का संतुलित और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com