मुंबई (सं.भा.) अपना खुद का घर खरीदने का सपना देख रहे हजारों लोगों की उम्मीदों पर फिलहाल अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं। म्हाडा के कोकण मंडल की दिवाली के आसपास प्रस्तावित करीब 6 हजार घरों की लॉटरी पर संकट की स्थिति बनती दिख रही है। नगर विकास विभाग के नए प्रस्ताव से किफायती मकानों की उपलब्धता प्रभावित होने की आशंका है, जिससे लॉटरी का इंतजार कर रहे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
म्हाडा के कोकण मंडल के दायरे में ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण-डोंबिवली, वसई-विरार और पालघर जैसे प्रमुख क्षेत्र आते हैं। इन इलाकों में निजी डेवलपर्स की बड़ी आवासीय परियोजनाओं से किफायती मकान उपलब्ध होते हैं, जिन्हें म्हाडा लॉटरी के जरिए पात्र नागरिकों को अपेक्षाकृत कम कीमत पर देता है।
मौजूदा नियमों के अनुसार, 4 हजार वर्गमीटर से बड़े भूखंड पर निजी डेवलपर आवासीय परियोजना बनाते हैं तो उन्हें कुल भूखंड के 20 प्रतिशत हिस्से में गरीब और निम्न आय वर्ग के लिए मकान उपलब्ध कराने होते हैं। पहले ये मकान सीधे म्हाडा को हस्तांतरित किए जाते थे। इसके बाद म्हाडा इन घरों की लॉटरी निकालकर पात्र लोगों को मकान आवंटित करता था।
अब नगर विकास विभाग की ओर से इस व्यवस्था में बदलाव का प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत 20 प्रतिशत योजना के तहत मिलने वाले मकान म्हाडा को देने के बजाय संबंधित स्थानीय नियोजन प्राधिकरण यानी महानगरपालिका या स्थानीय विकास प्राधिकरण को सौंपे जा सकते हैं।
प्रस्ताव लागू होने पर म्हाडा के कोकण मंडल को मिलने वाले किफायती मकानों की संख्या कम हो सकती है। इसका असर दिवाली में प्रस्तावित करीब 6 हजार घरों की लॉटरी पर पड़ने की आशंका है। ऐसे में लॉटरी के जरिए घर पाने की उम्मीद लगाए बैठे हजारों आवेदकों की निगाहें अब सरकार के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।


