मुंबई (सं.भा.) दिवाली के त्योहार के बीच कांदिवली पुलिस ने बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। त्योहार के दौरान हुई इस घटना को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
3 नवंबर को कांदिवली पुलिस थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला खरीदारी कर अपनी बिल्डिंग में लौट रही थीं। इसी दौरान एक आरोपी ने दूसरी मंजिल तक उनका पीछा किया और गले से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चेन जबरन छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 70 से 80 सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार फुटेज की जांच और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस को आरोपियों का सुराग मिला, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी अजय जॉकी परेरा को नालासोपारा से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने अपने साथी दीपांकर नकुल घोष की संलिप्तता का खुलासा किया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि लूटी गई सोने की चेन को पिघलवाकर बेच दिया गया था। फिलहाल पुलिस संपत्ति की बरामदगी और वारदात से पहले इलाके की रेकी किए जाने के पहलू की जांच कर रही है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त शशिकुमार मीना के मार्गदर्शन तथा परिमंडल-3 के पुलिस उपायुक्त संदीप घुगे और बोरीवली विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त संतोष गजबटे के निर्देशन में की गई। कांदिवली पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक करण सोनकवडे, पुलिस निरीक्षक शेखर शिंदे, पुलिस उपनिरीक्षक संदीप गोरडे, नामदेव घाडगे, निलेश पाटील और अपराध प्रकटीकरण टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर पुलिस का एक्शन, 24 घंटे में चेन लूट का खुलासा
RELATED ARTICLES


