- पुलिस के हत्थे चढ़े 3 नायजेरियन
नालासोपारा (सं. भा.) तुलिंज पुलिस के अपराध शाखा की टीम ने शनिवार को 55 लाख 92 हजार 200 रुपये के मेफेड्रोन और गांजा संग तीन नायजेरियन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को वसई न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 30 नवंबर तक पुलिस हिरासत में रखने का निर्देश मिला है। यह जानकारी तुलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र नगरकर ने दी है।
मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई पुलिस के अनुसार तुलिंज पुलिस को शनिवार की सुबह सूचना मिली की 2 नायजेरियन प्रगति नगर स्थित सद्गुरू कृपा अपार्टमेंट की छत पर नशीली पदार्थ लेकर आये हैं।

NDPS एक्ट में मामला
इसी सूचना के आधार पर तुलिंज के सहायक पुलिस आयुक्त विनायक नरले ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्रवाई का आदेश दिया था। आदेश मिलते ही टीम ने उक्त स्थान पर जाल बिछाकर अपार्टमेंट के रूम नंबर 401 से नायजेरियन ओमेकोसी चिबुझा डाकलाने (38), नवोबासी चिबुजे (38) और ऑये इकेना बेन्थ (36) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीनों के पास से पुलिस को 55 लाख 40 हजार 200 रुपये मूल्य के 554.02 ग्राम मेफेड्रोन और 52 हजार रुपये मूल्य की 2.360 किलोग्राम वजन का गांजा सहित कुल 55 लाख 92 हजार 200 रुपये का नशीला पदार्थ जब्त किया है। तुलिंज पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।


