आज की ज्वलंत समस्या है पर्यावरण। प्रकृति को सबसे ज्यादा खतरा मानवजनित कारणों से ही है। पृथ्वी के विभिन्न घटक जैसे जलमंडल, वायुमंडल, स्थलमंडल व जैवमंडल के योग को पर्यावरण कहते हैं तथा इसके भौतिक पक्ष जैसे- जल, स्थल और वायुमंडल को प्रकृति कहते हैं। प्रकृति के विभिन्न घटक हमें जीने की मूलभूत आवश्यकताएँ मुफ्त में प्रदान करते हैं।
आविष्कारों के बाद भी ये आवश्यकताएँ जैसे- पानी, मृदा एवं ऑक्सीजन बनाने में हम अक्षम हैं। इसलिये प्रकृति व पर्यावरण संरक्षण के लिये केवल नियम ही नहीं बनाये जायें बल्कि उन्हें क्रियान्वयन भी कराया जाये । विकास की ओर अग्रसरित होते मानव ने कभी इस ओर ध्यान ही नहीं दिया कि इस अंधाधुंध विकास में वह अपनी ही सत्ता पर चोट कर रहा है, परन्तु आज उसे यह आभास हो गया है कि जिसे वह विकास समझ बैठा था वह तो अवसान का क्रमिक आमन्त्रण था ।
औद्योगिकीकरण और अनियोजित मानव गतिविधियों द्वारा जलवायु परिवर्तन और प्रकृति के बिगड़ने का कारण स्पष्ट दृष्टिगोचर हो रहा है। हमारी पृथ्वी कई प्रमुख पर्यावरणीय समस्याओं जैसे भूमि, वायु और जल प्रदूषण, वनों की कटाई, ग्रीन हाउस गैसों में वृद्धि, पानी की कमी, जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता के नुकसान जैसी ज्वलन्त समस्याओं से ग्रसित है। ऊर्जा के लिये जीवाश्म ईंधन का उपयोग, वाहन उत्सर्जन और औद्योगिकीकरण व अनियन्त्रित अनियोजित विकास, मानव का प्रकृति के चक्र में प्रवेश जैसी समस्याएँ वे मुख्य कारण हैं जिन्होंने वैश्विक तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि की है। जनसंख्या में वृद्धि के कारण पानी और भूमि की बढ़ती माँग जल संसाधनों की प्राकृतिक रिचार्जिंग प्रणाली और भूदृश्य को तो बदल ही रही है, साथ ही पर्यावरण को भी प्रभावित कर रही है।
इसके लिये हमें निम्न बिन्दुओं पर ध्यान देने की आवश्यकता है-ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन को कम करना, जल संसाधनों का संरक्षण करना, वनीकरण को बढ़ावा देना और वायु प्रदूषण को कम करना आदि। हमें यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिये यह पृथ्वी टिकाऊ रहे।
इसके लिये सरकार को सड़क के दोनों और प्लास्टरिंग और टाइल्स के उपयोग को कम और वनीकरण को प्रोत्साहित किया जाना चाहिये। चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने के लिये शहरों को उचित जल संसाधनों, वनस्पति, मिट्टी के आवरण और कम कंक्रीट क्षेत्र के साथ योजनाबद्ध किया जाना चाहिये। पानी के लिये जल स्टेशन स्थापित कर सकती है। शहर में हरे-भरे स्थानों को बढ़ावा देकर पृथ्वी की रक्षा की जा सकती है। प्याऊ का निर्माण कर सकती है। सूख गये तालाबों को पुनः जीवित कर सकती है, जिससे आने वाली पीढ़ी सुरक्षित हो सके,संरक्षित हो सके।
आइये, पर्यावरण संरक्षण का, पृथ्वी को स्वच्छ और हरित रखने का एक संकल्प आप और हम मिलकर लें कि आज ही एक वृक्ष लगायेंगे और अपने आपसे ही शुरुआत कर औरों की प्रेरणा बनेंगे।
-नन्दिनी रस्तोगी ‘नेहा’, मेरठ


