मुंबई (सं.भा.): राज्य सरकार ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक खर्च को कम करने की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए जिला परिषद, नगरपालिका और महानगरपालिका के स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों को मुफ्त स्कूल बैग देने के लिए 165 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस योजना का लाभ राज्यभर के लगभग 41 लाख 43 हजार 54 विद्यार्थियों को मिलेगा।
सरकार के अनुसार यह पहल विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। पहले से मुफ्त पाठ्य-पुस्तकें और मध्याह्न भोजन मिल रहा है, वहीं अब स्कूल बैग भी निशुल्क मिलने से अभिभावकों पर आर्थिक बोझ और घटेगा। निर्णय में यह स्पष्ट किया गया है कि जिन महानगरपालिकाओं में पहले से अपने फंड से मुफ्त स्कूल बैग वितरित किए जा रहे हैं, वहां के विद्यार्थियों को इस राज्य स्तरीय योजना में शामिल नहीं किया जाएगा, ताकि फंड का दोहरा उपयोग न हो।
स्कूल बैग की खरीद प्रक्रिया में देरी न हो और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित रहे, इसके लिए ई-टेंडर प्रणाली अपनाने के निर्देश जारी किए गए हैं। खरीद नियमावली के अनुरूप पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए टिकाऊ और अच्छी गुणवत्ता के बैग उपलब्ध कराए जाएंगे। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस कदम से खासकर ग्रामीण और दूर-दराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ेगा तथा स्कूल जाने वाले बच्चों को आवश्यक संसाधनों की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।


