spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईमराठी नहीं सीखी तो फंसेगी गाड़ी! 15 अगस्त के बाद सख्त कार्रवाई

मराठी नहीं सीखी तो फंसेगी गाड़ी! 15 अगस्त के बाद सख्त कार्रवाई

मुंबई (सं.भा.) महाराष्ट्र में ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों और चालकों के बीच संवाद को आसान बनाने तथा सेवा की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से अब अमराठी ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा का प्रशिक्षण और प्रमाणपत्र अनिवार्य कर दिया गया है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि 15 अगस्त 2026 के बाद मराठी भाषा का प्रमाणपत्र नहीं रखने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग ने 1 जून से 15 अगस्त 2026 तक सभी अमराठी ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए चार घंटे का ‘मराठी भाषा संवाद पाठ्यक्रम’ शुरू किया है। इस प्रशिक्षण के लिए महाराष्ट्र राज्य मराठी भाषा विभाग, कोकण मराठी साहित्य परिषद और मुंबई मराठी साहित्य संघ को अधिकृत संस्था बनाया गया है। इन संस्थाओं द्वारा जारी प्रमाणपत्र ही मान्य होगा।

परिवहन विभाग के सहआयुक्त रवी गायकवाड के अनुसार मुंबई महानगर क्षेत्र में इस अभियान को बड़े स्तर पर लागू किया जा रहा है। इसके लिए 71 अध्ययन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जबकि करीब साढ़े चार हजार शिक्षक प्रशिक्षण कार्य में सहयोग कर रहे हैं। साथ ही आरटीओ अधिकारियों को भी चालकों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग का कहना है कि इस पहल से भाषा संबंधी बाधाएं कम होंगी, यात्रियों और चालकों के बीच संवाद बेहतर होगा और सेवा व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी। सरकार ने सभी चालकों से समय रहते निःशुल्क प्रशिक्षण पूरा कर प्रमाणपत्र प्राप्त करने की अपील की है, क्योंकि 15 अगस्त के बाद बिना प्रमाणपत्र वाहन संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com