मुंबई (सं.भा.) महानगर को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कांदिवली के पोइसर इलाके में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अपराध के नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से मुंबई पुलिस और बीएमसी की संयुक्त टीम ने उन अवैध ठिकानों पर बुलडोजर चलाया, जहां से कथित तौर पर नशीले पदार्थों का कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
मुंबई पुलिस और बीएमसी की संयुक्त टीम ने पोइसर क्षेत्र में मौजूद कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया, जिनके बारे में लंबे समय से स्थानीय नागरिक शिकायत कर रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, इन स्थानों का इस्तेमाल कथित रूप से ड्रग्स कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। जांच के बाद कार्रवाई करते हुए इन अवैध ढांचों को हटाया गया।
अभियान के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुंबई को नशामुक्त बनाने की मुहिम के तहत ऐसे ठिकानों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जाएगी। अपराध और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र का माहौल बेहतर होगा और युवाओं को नशे के जाल में फंसने से बचाया जा सकेगा। जनप्रतिनिधियों ने भी पुलिस और बीएमसी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पोइसर को सुरक्षित, स्वच्छ और नशामुक्त बनाना सभी की प्राथमिकता है।


