spot_img
Homeमहाराष्ट्रएचएसआरपी नहीं लगाई तो जेब होगी ढीली, आरटीओ ने तेज किया जांच...

एचएसआरपी नहीं लगाई तो जेब होगी ढीली, आरटीओ ने तेज किया जांच अभियान

मुंबई (सं.भा.) वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाने में लापरवाही अब वाहन मालिकों पर भारी पड़ रही है। मुंबई शहर और उपनगरों में परिवहन विभाग ने एचएसआरपी को लेकर जांच अभियान तेज कर दिया है। अगस्त में चार क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों की कार्रवाई में 1,685 वाहन एचएसआरपी नियमों का पालन करते नहीं मिले। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों से लाखों रुपए का जुर्माना वसूला गया है। परिवहन विभाग ने साफ कर दिया है कि एचएसआरपी नहीं लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

नियमों के अनुसार 1 अप्रैल 2019 से पहले पंजीकृत सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाना अनिवार्य है। निर्धारित समयसीमा में एचएसआरपी नहीं लगवाने वाले वाहन चालकों पर 1 जुलाई से 1,000 रुपए का जुर्माना लगाया जा रहा है। इससे पहले एचएसआरपी लगाने के लिए कई बार समयसीमा बढ़ाई गई थी, लेकिन 30 जून के बाद यह छूट समाप्त कर दी गई।

अगस्त में बोरिवली आरटीओ ने 708 वाहनों की जांच की, जिसमें 290 वाहन नियमों के उल्लंघन में पाए गए और उनसे 2.90 लाख रुपए जुर्माना वसूला गया। ताड़देव आरटीओ की कार्रवाई में 56 दोषी वाहन पकड़े गए। अंधेरी आरटीओ ने 1,012 वाहनों की जांच कर 201 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं, वडाला आरटीओ क्षेत्र में सबसे अधिक 904 वाहन एचएसआरपी नियमों का उल्लंघन करते पाए गए।

परिवहन विभाग के अनुसार, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट में लेजर कोड, क्रोमियम होलोग्राम और स्थायी लॉकिंग प्रणाली जैसी सुरक्षा विशेषताएं होती हैं। इससे नंबर प्लेट में छेड़छाड़, फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल और वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलती है।

परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अधिकृत केंद्र से अपने वाहन पर एचएसआरपी लगवाएं। विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जांच और दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com