राष्ट्रीय मंच पर चमका ज़ेवियर हाई स्कूल का नाम
नई दिल्ली/फतेहपुर (सं. भा.) : शिक्षा के क्षेत्र में फतेहपुर जिले के लिए यह सप्ताह ऐतिहासिक बन गया, जब सेंट ज़ेवियर हाई स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका गुप्ता को राष्ट्रीय स्तर पर दो अलग-अलग प्रतिष्ठित मंचों से सम्मानित किया गया। एक ही दिन में मिले दो सम्मानों ने न सिर्फ उनके व्यक्तिगत योगदान को राष्ट्रीय मान्यता दिलाई, बल्कि जिले के शैक्षिक स्तर और समर्पण को भी देशभर में पहचान दिलाई है।
पहला सम्मान 12 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित हिंदी भवन, सेंट्रल सचिवालय में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया, जहां कैबिनेट मंत्री (चीनी एवं गन्ना विकास), भारत सरकार श्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने उन्हें “राष्ट्रीय प्राचार्य पुरस्कार (विशेष श्रेणी)” से सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्री ने डॉ. प्रियंका की शैक्षणिक सेवाओं की सराहना करते हुए कहा—
“वे जिस निष्ठा और गुणवत्ता के साथ विद्यार्थियों के भविष्य को आकार दे रही हैं, वह अन्य शैक्षणिक संस्थानों के लिए एक प्रेरणा है।”
इसी दिन डॉ. प्रियंका को दूसरा राष्ट्रीय सम्मान होटल हॉलिडे इन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में भारत के अतिरिक्त चुनाव आयुक्त डॉ. अखिलेश मिश्रा (आईएएस) एवं ईके उपदेश मीडिया के निदेशक श्री गगनदीप के करकमलों से प्रदान किया गया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सेंट ज़ेवियर हाई स्कूल के प्रबंधक श्री नीतीश कुमार ने संपूर्ण स्टाफ की मेहनत और स्कूल के अनुशासित शैक्षणिक वातावरण को श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की गुणवत्ता बनाए रखना और छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
डॉ. प्रियंका गुप्ता की इस दोहरी उपलब्धि से स्कूल के छात्र, शिक्षक, अभिभावक और समस्त फतेहपुरवासी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह उपलब्धि एक बार फिर यह सिद्ध करती है कि समर्पण, नेतृत्व और गुणवत्ता के साथ अगर शिक्षा दी जाए, तो छोटे शहरों से भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।


