spot_img
Homeमहाराष्ट्रभिवंडी में आग का तांडव, कारोबारियों को भारी झटका

भिवंडी में आग का तांडव, कारोबारियों को भारी झटका

भिवंडी, (सं. भा.) मुंबई से सटे ठाणे जिले के भिवंडी में आग की दो अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। एक ही दिन में दो स्थानों पर आग लगने से डाइंग यूनिट और लकड़ी के गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया, जिससे कारोबारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
पहली घटना शेलार गांव स्थित एक डाइंग कंपनी में सामने आई, जहां अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में कपड़ों के ढेर को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण गोदाम में रखा अधिकांश माल नष्ट हो गया।
वहीं दूसरी घटना कोनगांव के कोनतरी इलाके में स्थित एक टिंबर मार्ट में हुई, जहां लकड़ी के भंडार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को घेर लिया और लाखों रुपये की लकड़ी जलकर राख हो गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों ही घटनाओं में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल प्रशासन दोनों मामलों की जांच में जुटा हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com