- फिर भी खाली हाथ रहा चोर
मुंबई (सं. भा.) : बोरीवली में पैसे चुराने के लिए एटीएम को तोड़ने और आग लगाने के आरोप में मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। हालांकि मशीन के अगले हिस्से को जलाने में कामयाब होने के बावजूद आरोपी मशीन के अंदर से कैश निकालने में कामयाब नहीं हो सका। उसे खाली हाथ जाना पड़ा। बाद में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पेट्रोलिंग के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सतारा निवासी ओंकार विलास शिलेवंत (22) के रूप में हुई है। इस मामले में बैक के मैनेजर ने शिकायत दर्ज कराई थी।
बोरीवली पुलिस के मुताबिक, बोरीवली पश्चिम के शिपोली इलाके में बैंक ऑफ बड़ौदा की एक ब्रांच है। ब्रांच के बगल में एक एटीएम सेंटर भी है। 11 नवंबर को सुबह करीब 4.35 बजे बैंक के सर्विलांस विभाग में काम करने वाले एक व्यक्ति ने बैंक मैनेजर को फोन किया और बताया कि बैंक की एटीएम मशीन का डिस्प्ले जल गया है। मैनेजर तुरंत एटीएम पहुंचे। प्रारंभिक जांच के बाद उन्होंने पाया कि किसी ने एटीएम मशीन को खोलने की कोशिश की थी।

पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि 25 से 30 साल की उम्र का एक व्यक्ति अंदर आया था। उसको मशीन को तोड़ने की कोशिश करते और फिर आग लगाते भी देखा गया। लेकिन वह पैसे लूटने में असफल रहा तो भाग निकला।


