spot_img
Homeमुंबईमुंबई में हार के बाद कांग्रेस में घमासान, भाई जगताप को नोटिस

मुंबई में हार के बाद कांग्रेस में घमासान, भाई जगताप को नोटिस

मुंबई (सं.भा.): मुंबई महानगरपालिका चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। चुनावी नतीजों को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच आरोप–प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने पार्टी अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य भाई जगताप को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार यह नोटिस 17 जनवरी 2026 को एआईसीसी सचिव यू.बी. वेंकटेश की ओर से भेजा गया है। नोटिस में भाई जगताप द्वारा सार्वजनिक मंचों और मीडिया में मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड के खिलाफ दिए गए बयानों पर आपत्ति जताई गई है। पार्टी का कहना है कि इस तरह सार्वजनिक रूप से नेतृत्व पर सवाल उठाना संगठनात्मक अनुशासन के खिलाफ है।

नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि संगठन से जुड़े मतभेदों, चुनावी समीक्षा या नेतृत्व संबंधी मुद्दों को पार्टी के आंतरिक मंचों पर उठाया जाना चाहिए। सार्वजनिक बयानबाजी से न केवल पार्टी की सामूहिक नेतृत्व प्रणाली प्रभावित होती है, बल्कि संगठन की छवि को भी नुकसान पहुंचता है। इसी आधार पर भाई जगताप से सात दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा गया है। पार्टी ने यह भी चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। बताया जा रहा है कि यह नोटिस महाराष्ट्र प्रभारी महासचिव रमेश चेन्निथला के निर्देश पर जारी किया गया है।

गौरतलब है कि भाई जगताप ने हाल ही में उम्मीदवारों के चयन, गठबंधन और चुनावी रणनीति को लेकर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने सार्वजनिक रूप से यह बयान दिया था कि मुंबई में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए वर्षा गायकवाड को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने उनके बयान को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com