- मुंबई सेंट्रल RTO में रिकॉर्ड रजिस्ट्रेशन
मुंबई (सं. भा.) महाराष्ट्र में गुड़ी पाडवा के शुभ अवसर पर कीमती वस्तु खरीदना परंपरागत रूप से शुभ माना जाता है। इस अवसर पर लोगों ने जमकर वाहन खरीदे, खासकर चार पहिया वाहनों की बिक्री में इस बार रिकॉर्डतोड़ इजाफा देखने को मिला। 23 मार्च से 30 मार्च तक मुंबई शहर और उपनगरों के चार आरटीओ—बोरीवली, वडाला, अंधेरी और मुंबई सेंट्रल—में कुल 9349 वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जो पिछले साल के 7997 रजिस्ट्रेशन की तुलना में 1352 अधिक है।
इन रजिस्ट्रेशनों में 4742 दोपहिया और 3972 चार पहिया वाहन शामिल हैं। खास बात यह रही कि इस बार भी मुंबई सेंट्रल आरटीओ में सबसे अधिक फोर-व्हीलर रजिस्टर किए गए—कुल 2883 वाहनों में से 2100 चार पहिया वाहन और 783 दोपहिया शामिल हैं।

वडाला आरटीओ में 1945 वाहन रजिस्टर किए गए, जिनमें 1346 दोपहिया और 599 चार पहिया शामिल हैं। बोरीवली आरटीओ ने 2679 वाहनों का रजिस्ट्रेशन किया, जिनमें 1667 दोपहिया, 666 चार पहिया और 122 रिक्शा शामिल हैं। अंधेरी आरटीओ में 1693 रजिस्ट्रेशन हुए, जिनमें 946 दोपहिया, 607 चार पहिया और रिक्शा शामिल हैं।
इस आंकड़े से स्पष्ट है कि मुंबई में वाहन खरीद को लेकर उत्साह लगातार बना हुआ है, और गुड़ी पाडवा जैसे त्योहारों पर लोगों की पसंद चार पहिया वाहनों की ओर तेजी से बढ़ रही है।


