फतेहपुर (सं. भा.) : वैश्विक महामारी कोरोना की वजह से लॉक डाउन की वजह से गरीबों व असहायों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो, इसके लिए दानवीर आगे आए हैं। किसी ने लंच पैकेट बनवाकर गरीबों को परोसा तो किसी ने राशन किट व सब्जियों के पैकेट बनाकर प्रत्येक परिवार को दिया। इस समय जनपद के गांवों, कस्बों से लेकर शहरी इलाकों में मदद को हर एक अपनी सहभागिता निभाने के लिए स्वयं आगे आ रहा है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक अरुण व विभाग कार्यवाह ज्ञानेंद्र सिंह चौहान की अगुवाई में डेढ़ सैकड़ा से अधिक परिवारों को राशन किट वितरित की गई। कलक्टरगंज स्थित साईं मंदिर में गरीब, असहायों को पूर्व चेयरमैन अजय अवस्थी, सभासद दिवाकर अवस्थी ने लंच पैकेट वितरित किए। सुकेती गांव में भाजपा नेता पंकज त्रिपाठी, समाजसेवी दीपक रस्तोगी ने राशन किट वितरित की। बिदकी तहसील के महाराणा प्रताप इंटर कालेज करचलपुर में एसडीएम प्रहलाद सिंह व महाराणा प्रताप कंपनी जॉब ग्रुप के डायरेक्टर राजेश सिंह चौहान ने 450 लोगों को राशन का वितरण किया। उधर जहानाबाद कस्बे के नगर पंचायत कर्मचारियों व ईओ कुलवंत सिंह ने अपना एक दिन का वेतन 24 हजार रुपये एकत्र किया। इस धनराशि से कस्बे के गरीब, मजदूर, असहाय लोगों को 5 किलो आटा, दो किलो चावल, पांच किलो आलू व एक पैकेट नमक 50 परिवारों को वितरित किया गया। बिदकी नगर में सपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर दयाल दयालू ने बिदकी 50 गरीब परिवारों को राशन का वितरण किया। शहर के रामगंज पक्का तालाब में दिव्यांग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राहुल सिंह व महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सुनिधि तिवारी ने गरीब-असहायों को भोजन कराया व राहत सामग्री का वितरण किया।


