मुंबई (सं. भा.): टीवी जगत के लोकप्रिय अभिनेता गौरव खन्ना ने बिग बॉस सीजन 19 का खिताब जीत लिया है। फिनाले में तान्या मित्तल, प्रणित मोरे, फरहाना भट्ट और अमाल मलिक जैसे दमदार प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए उन्होंने शो की ट्रॉफी और 50 लाख रुपये की प्राइज मनी पर कब्ज़ा किया। शो की रनर-अप फरहाना भट्ट रहीं।
गौरव की जीत कई मायनों में खास है, क्योंकि शुरुआत से ही उन्होंने शांत स्वभाव, समझदारी और संयमित रणनीति के साथ खेल को आगे बढ़ाया। अक्सर माना जाता है कि बिग बॉस में वही विजेता बनता है जो ज्यादा बहस करता है या आक्रामक तरीके से अपनी बात रखता है, लेकिन गौरव ने इस सोच को तोड़ते हुए अपनी परिपक्वता और संतुलन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
टॉप-5 में गौरव खन्ना के साथ सिंगर अमाल मलिक, एक्ट्रेस-पीस एक्टिविस्ट फरहाना भट्ट, कॉमेडियन प्रणित मोरे और इंफ्लुएंसर तान्या मित्तल शामिल थे। लाइव फिनाले के दौरान सबसे पहले अमाल मलिक बाहर हुए, उसके बाद तान्या मित्तल को कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे ने एविक्ट किया। बाद में सलमान खान ने प्रणित मोरे के एविक्शन की घोषणा की और आखिरी मुकाबला गौरव और फरहाना के बीच रहा।
बिग बॉस से पहले गौरव खन्ना टीवी जगत का जाना-माना नाम रहे हैं। उन्होंने भाभी, कुमकुम, मेरी डोली तेरे अंगना, सीआईडी, जीवनसाथी और चंद्रकांता जैसे प्रमुख शो में काम किया है। 2021 में शो अनुपमा में अनुज कपाड़िया के किरदार ने उन्हें घर-घर तक लोकप्रियता दिलाई। गौरव सेलिब्रिटी मास्टरशेफ इंडिया के पहले विजेता भी रह चुके हैं।
गौरव की यह जीत न सिर्फ उनके प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है, बल्कि बिग बॉस के इतिहास में शांत स्वभाव के खिलाड़ी की बड़ी कामयाबी भी मानी जा रही है।


