न्याय के लिए पुलिस सख्त
ठाणे (सं.भा.): ठाणे जिले के फैमिली कोर्ट परिसर में महिला के साथ हुए शर्मनाक सामूहिक अत्याचार ने पूरे इलाके में खलबली मचा दी है। यह घटना 2024 के अगस्त महीने की बताई जा रही है, जब महिला को आरोपी रवि पवार और केदार ने अपने जन्मदिन के अवसर पर केक खाने के लिए बुलाया। केक में बेहोशी की दवा देने के बाद महिला को ठाणे फैमिली कोर्ट के पार्किंग प्लाजा में सामूहिक रूप से पीटा गया और अत्याचार का शिकार बनाया गया।
महिला के साथ केवल अत्याचार ही नहीं किया गया, बल्कि आरोपियों ने उसे जबरन ब्लैकमेल और धमकियां भी दी। घटना की जानकारी मिलते ही ठाणे पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। महिला के बयान के आधार पर अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी भी फरार है।
ठाणे पुलिस की महिला अधिकारी द्वारका विश्वनाथ डोके ने कहा, “पीड़िता द्वारा दर्ज कराए गए शिकायत के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरा आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। हम सुनिश्चित करेंगे कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और उसे कड़ी सजा मिले।” घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश दोनों बढ़ा दिए हैं।


