मुंबई (सं.भा.) : ठाणे शहर की जीवनरेखा कही जाने वाली घोडबंदर रोड पर रोजाना लगने वाला लंबा ट्रैफिक जाम आम नागरिकों के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी हों या स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, घंटों सड़क पर फंसे रहना मजबूरी बन गया है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने दावा किया है कि घोडबंदर रोड पर ट्रैफिक जाम की समस्या से फरवरी महीने के बाद धीरे-धीरे राहत मिलने लगेगी।
विधान परिषद में इस संबंध में सरकार की ओर से जानकारी देते हुए राज्य के गृह राज्यमंत्री (शहरी) योगेश कदम ने बताया कि घोडबंदर रोड की 42 मीटर चौड़ी सड़क पर एक साथ कई बड़े विकास कार्य चल रहे हैं, जिसके चलते यातायात प्रभावित हो रहा है। सड़क के किनारे जलापूर्ति पाइपलाइन योजना, बीच में मेट्रो परियोजना और फ्लाइओवर निर्माण कार्य के कारण वाहनों की आवाजाही सीमित हो गई है।
सदन में इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान भाजपा सदस्य निरंजन डावखरे द्वारा ट्रैफिक जाम की समस्या की ओर ध्यान दिलाया गया। इसके उत्तर में कदम ने कहा कि सर्विस रोड पर चल रहा जलापूर्ति परियोजना का काम फरवरी-2026 तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद सर्विस रोड को पूरी क्षमता के साथ यातायात के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी।
उन्होंने आगे बताया कि सड़क के मध्य भाग में चल रही मेट्रो परियोजना का कार्य अप्रैल-2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं सर्विस रोड को चौड़ा करने का काम लगभग 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसके अलावा एमएसआरडीसी और एमएमआरडीए के माध्यम से खारीगांव बायपास और गायमुख घाट सेक्शन में भी काम तेजी से चल रहा है।
सरकार का दावा है कि इन सभी परियोजनाओं के चरणबद्ध रूप से पूरे होने के बाद घोडबंदर रोड पर यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और नागरिकों को रोजाना के ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत मिलेगी।


