मुंबई(सं.भा.)आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर भगवान विठ्ठल के दर्शन के लिए पंढरपुर पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस वर्ष यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए राज्यभर से पंढरपुर के लिए हजारों विशेष बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।
परिवहन मंत्री तथा महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने बताया कि आषाढ़ी यात्रा के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से पंढरपुर के लिए लगभग 5,500 विशेष बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी गांव या क्षेत्र से 40 या उससे अधिक श्रद्धालु एक साथ यात्रा के लिए आवेदन करते हैं, तो उस स्थान से सीधे पंढरपुर तक विशेष बस की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए यात्रियों को अपने नजदीकी एसटी डिपो में पंजीकरण कराना होगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की विभिन्न यात्रा रियायत योजनाओं का लाभ इन विशेष बसों में भी जारी रहेगा। ‘अमृत ज्येष्ठ नागरिक योजना’ के तहत 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क यात्रा सुविधा मिलेगी, जबकि ‘महिला सम्मान योजना’ के अंतर्गत महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंढरपुर में चार अस्थायी बस टर्मिनल भी विकसित किए जा रहे हैं। चंद्रभागा, भीमा (देगांव), विठ्ठल कारखाना तथा पांडुरंग (आईटीआई कॉलेज) परिसर में बनाए जाने वाले इन अस्थायी बस स्टैंडों पर पेयजल, शौचालय, आरक्षण केंद्र और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
एकादशी के बाद लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए एसटी महामंडल ने विशेष यातायात प्रबंधन योजना भी तैयार की है। 36 से अधिक यातायात नियंत्रक और सुरक्षा कर्मी स्थानीय प्रशासन तथा पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखेंगे।
महामंडल का कहना है कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अधिक संख्या में बसें उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि विठ्ठल भक्तों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और वे श्रद्धा एवं भक्ति के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सकें।


