मुंबई (सं. भा): राज्य सरकार ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 और उसके अंतर्गत बने नियम, 2017 के तहत एक नया निर्देश जारी किया है, जिसके अनुसार अब सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी विभागों को अपने कार्यालयों में कार्यरत दिव्यांग कर्मचारियों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित करनी होगी। यह जानकारी हर वर्ष 1 जनवरी तक अद्यतन रूप में उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। दिव्यांगजन कल्याण विभाग के सचिव तुकाराम मुंढे ने बताया कि इस निर्णय का उद्देश्य सरकारी सेवाओं में दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित चार प्रतिशत आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करना और उनकी उपस्थिति का पारदर्शी रिकॉर्ड तैयार करना है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को एक समान प्रारूप में डेटा एकत्रित करने और सार्वजनिक करने से सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा आरक्षण नीति को व्यवहार में लाने में सुविधा होगी।
मुंढे ने बताया कि इस व्यवस्था से राज्य के विभिन्न मंत्रालयों और अधीनस्थ कार्यालयों में कार्यरत दिव्यांग कर्मचारियों की सटीक और अद्यतन जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। इससे न केवल नियुक्तियों की स्थिति स्पष्ट होगी बल्कि पदोन्नति और सेवा के अवसरों में भी समानता सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को प्रशासनिक और रोजगार के स्तर पर सशक्त बनाना है।
निर्णय के अनुसार, सभी प्रशासनिक विभाग और विभागाध्यक्ष अपने विभागों में दिव्यांग कर्मचारियों की स्थिति की छमाही समीक्षा करेंगे ताकि रिक्त पदों की पहचान कर उन्हें शीघ्र भरा जा सके। सभी विभागों से प्राप्त जानकारी हर वर्ष 1 जनवरी को आयुक्त, दिव्यांग कल्याण विभाग को सौंपी जाएगी। इसके बाद आयुक्त कार्यालय सभी विभागों की जानकारी को एकत्र कर विभागवार वार्षिक रिपोर्ट तैयार करेगा। सचिव मुंढे ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई विभाग या अधिकारी समय पर जानकारी प्रस्तुत नहीं करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
राज्य सरकार का मानना है कि यह कदम सरकारी तंत्र में कार्यरत दिव्यांग कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इससे न केवल सरकारी सेवा में पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि दिव्यांगजनों के लिए आरक्षण नीति के प्रभावी कार्यान्वयन को भी नई गति मिलेगी।
सरकारी विभागों को अब दिव्यांग कर्मचारियों की जानकारी वेबसाइट पर देनी होगी
RELATED ARTICLES


