spot_img
Homeमहाराष्ट्रराज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने किया देश की विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने किया देश की विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान

मुंबई (सं.भा.) : साहित्य, संस्कृति, पत्रकारिता, कला, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली देशभर की विशिष्ट हस्तियों को शनिवार को मुंबई में आयोजित ‘वाग्धारा सम्मान समारोह-2026’ में सम्मानित किया गया। अंधेरी (पश्चिम) स्थित मुक्ति ऑडिटोरियम में आयोजित इस भव्य समारोह में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन ‘वाग्धारा’ संस्था और ‘भारत एक्सप्रेस’ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

 

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपेंद्र राय उपस्थित रहे। मंच पर वाग्धारा के अध्यक्ष डॉ. वागीश सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष दुर्गेश्वरी सिंह ‘महक’, आचार्य पवन त्रिपाठी, चयन समिति के अध्यक्ष जयंत देशमुख तथा प्रस्तावक समिति के अध्यक्ष अरविंद शर्मा राही मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद शर्मा राही और रवि यादव ने किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि वाग्धारा पिछले चार दशकों से साहित्य, संस्कृति और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज के समय में विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से काम करने वाली वास्तविक प्रतिभाओं को पहचान कर सम्मानित करना अपने आप में एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व है।

समारोह में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. राजाराम त्रिपाठी को ‘वाग्धारा जीवन गौरव सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। वहीं रज़ा मुराद और सचिन खेड़ेकर को ‘वाग्धारा नवरत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। आचार्य पवन त्रिपाठी को ‘डॉ. शंकरलाल सारस्वत स्मृति वाग्धारा सम्मान’, जबकि विनीत अभिषेक को ‘नेत्रपाल सिंह स्मृति रेल सेवा सम्मान’ और नीता बाजपेई को ‘संध्या पांडेय स्मृति वाग्धारा सम्मान’ प्रदान किया गया।

इसके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. सदानंद भोसले, पत्रकारिता के लिए मृत्युंजय बोस, भाषा सेतु के लिए डॉ. नामदेव गौडा, लोककला के लिए शिवपूजन शुक्ल, समाज सेवा के लिए डॉ. आलोक सोनी, मानव कल्याण एवं न्याय के लिए स्वाति चौहान तथा संगीत साधना के लिए डॉ. स्मृति त्रिपाठी को भी ‘वाग्धारा नवरत्न सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ लोकगायक विनोद दुबे की प्रस्तुति से हुआ, जबकि श्रद्धा मोहिते ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। समारोह में अवधेश कुमार पांडेय, सुरेश तिवारी ‘यश’, नरेंद्र कोठेकर, मनीषा जोशी, नंदिता माजी शर्मा, बेला बारोट, विनीता टंडन यादव, देव फौजदार, मुस्तफा यूसुफअली गोम, सुनील पांडेय, विमल मिश्र, ओमप्रकाश तिवारी, आरती राजदान और कमर हाजीपुरी सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में भार्गव तिवारी ने आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com