spot_img
Homeमहाराष्ट्ररेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, 45 पैसे में मिलेगा 10 लाख...

रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, 45 पैसे में मिलेगा 10 लाख का बीमा

मुंबई। (सं.भा.) रेलवे में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब महज 45 पैसे खर्च करके रेल यात्री 10 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा सुरक्षा कवच प्राप्त कर सकेंगे। रेलवे ने आरक्षण काउंटर से टिकट खरीदने वाले यात्रियों को भी ऐच्छिक यात्रा बीमा योजना का लाभ देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा 27 अक्टूबर से प्रभावी होगी। हालांकि, इसका लाभ उठाने के लिए यात्रियों को टिकट का भुगतान डिजिटल माध्यम से करना अनिवार्य होगा। नकद भुगतान करने वाले यात्री इस सुविधा का लाभ नहीं उठा सकेंगे।

रेलवे की इस पहल का उद्देश्य रेल यात्रा के दौरान किसी अप्रिय दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों और उनके परिजनों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। योजना के तहत रेल दुर्घटना में यात्री की मृत्यु होने अथवा पूर्ण स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 10 लाख रुपए तक की बीमा राशि दी जाएगी। वहीं, स्थायी आंशिक दिव्यांगता होने पर 7 लाख 50 हजार रुपए तक का मुआवजा मिलेगा। दुर्घटना में घायल यात्री के अस्पताल में उपचार के लिए 2 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता का प्रावधान है। इसके अलावा मृतक के शव को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए भी आर्थिक मदद दी जाएगी।

आरक्षण फॉर्म में मोबाइल नंबर देना अनिवार्य

इस सुविधा का लाभ लेने के लिए रेलवे आरक्षण काउंटरों पर नए फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। बीमा योजना का विकल्प चुनने वाले यात्रियों को आरक्षण फॉर्म में अपना सही और सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। टिकट जारी होने के बाद यात्री के मोबाइल पर एक लिंक भेजा जाएगा। इस लिंक के माध्यम से बीमा कंपनी की वेबसाइट पर जाकर नामांकित व्यक्ति यानी नॉमिनी का नाम और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, यह बीमा सुविधा केवल भारतीय नागरिकों के लिए उपलब्ध होगी। योजना का लाभ लेने के लिए यात्री के पास कन्फर्म, आरएसी अथवा आंशिक रूप से कन्फर्म आरक्षण टिकट होना आवश्यक है। बिना अलग सीट के यात्रा करने वाले पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को इस बीमा योजना में शामिल नहीं किया जाएगा।

वहीं, आरक्षण काउंटर पर नकद भुगतान करने वाले यात्रियों को बीमा सुविधा नहीं मिलेगी।

रेलवे की इस पहल से आरक्षण खिड़की से टिकट खरीदने वाले यात्रियों को भी कम खर्च में दुर्घटना बीमा सुरक्षा प्राप्त करने का विकल्प मिलेगा। महज 45 पैसे के प्रीमियम पर 10 लाख रुपए तक का बीमा कवर मिलने से रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com