मुंबई (सं.भा.) किसी के जीवन का अंत, दूसरे के लिए नई जिंदगी की शुरुआत बन सकता है। महाराष्ट्र में अंगदान को लेकर लोगों की सोच में लगातार सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि अब तक हजारों जरूरतमंद मरीजों को अंग प्रत्यारोपण के जरिए नया जीवन मिल चुका है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में अब तक 3,373 मरीजों को अंगदान के जरिए नई जिंदगी मिली है। इनमें 1,853 किडनी, 987 लिवर, 220 हृदय और 63 फेफड़ों के प्रत्यारोपण शामिल हैं।
राज्य में अंगदान और प्रत्यारोपण को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने लोगों से अंगदान को लेकर समाज में व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाने की अपील की है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक अंग उपलब्ध हो सकें।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 1995 से अक्टूबर 2026 तक राज्य में जीवित व्यक्तियों से अंग प्रत्यारोपण की 17,325 सर्जरी की जा चुकी हैं। इनमें 14,949 किडनी और 2,376 लिवर प्रत्यारोपण शामिल हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि अंग प्रत्यारोपण की जरूरत और इसके प्रति लोगों की स्वीकार्यता दोनों बढ़ रही हैं।
हालांकि, अंग प्रत्यारोपण के लिए इंतजार कर रहे मरीजों की संख्या अब भी बड़ी चिंता बनी हुई है। राज्य में 4,075 मरीज किडनी, 888 लिवर, 63 हृदय, 24 फेफड़े, 15 अग्नाशय, 11 हाथ और 8 मरीज छोटी आंत के प्रत्यारोपण का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करना बेहद जरूरी हो गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर मिलने वाला दान किया गया अंग किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीज के लिए जीवन और मृत्यु के बीच का फर्क साबित हो सकता है। इसलिए अंगदान के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों में इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना भी जरूरी है।


