मुंबई (सं.भा.) गणेशोत्सव के दौरान बाप्पा के दर्शन के लिए मुंबई के अलग-अलग इलाकों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने श्रद्धालुओं को बड़ी राहत दी है। अब गणेश भक्त देर रात तक दर्शन कर सकेंगे और उन्हें वापस घर लौटने के लिए सार्वजनिक परिवहन की परेशानी नहीं होगी। मेट्रो-3 की सेवाएं 14 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक मध्यरात्रि 12 बजे तक संचालित की जाएंगी।
मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के मुताबिक, इस अवधि में कफ परेड और आरे जेवीएलआर दोनों टर्मिनल से मेट्रो-3 की अंतिम ट्रेन रात 10:30 बजे के बजाय रात 12 बजे रवाना होगी। इससे सिद्धिविनायक, दादर, वर्ली, महालक्ष्मी और गिरगांव सहित प्रमुख गणेशोत्सव स्थलों पर देर रात तक दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।
गौरतलब है कि गणेश भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एमएमआरसी ने 18 इंच यानी करीब 45 सेंटीमीटर तक की गणपति प्रतिमा को भी मेट्रो-3 में ले जाने की अनुमति दी है। हालांकि, प्रतिमा के साथ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को मेट्रो के निर्धारित सुरक्षा नियमों और शर्तों का पालन करना होगा। इस फैसले से गणपति प्रतिमा को घर लाने के साथ-साथ विसर्जन के लिए ले जाने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
गणेशोत्सव के दौरान मेट्रो-3 के परिचालन समय में यह बढ़ोतरी मुंबई में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। देर रात तक मेट्रो सेवा उपलब्ध रहने से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपने घर लौटने का विकल्प मिलेगा।


