spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईस्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा बूस्ट, नवघर में 6 मंजिला अस्पताल की तैयारी

स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा बूस्ट, नवघर में 6 मंजिला अस्पताल की तैयारी

वसई (सं. भा.): तेजी से बढ़ते शहरीकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के बीच वसईकरों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। वसई पश्चिम के नवघर में प्रस्तावित उप-जिला अस्पताल परियोजना को नया जीवन देते हुए सार्वजनिक बांधकाम विभाग ने आधुनिक ‘हाई-टेक’ अस्पताल के लिए ताज़ा योजना तैयार की है।

जानकारी के अनुसार, 100 बेड वाले उप-जिला अस्पताल के निर्माण के लिए 110 से 120 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत तय की गई है। नया प्रस्ताव राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। वसई–विरार शहर की बढ़ती आबादी के कारण मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे नागरिकों को उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है।

नवघर में लगभग 58 बिस्सा क्षेत्रफल वाली जमीन पर पहले से जिला परिषद का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मौजूद है। इसी परिसर में वर्ष 2014 में 100 बेड के उप-जिला अस्पताल की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया था, जो विभिन्न प्रशासनिक कारणों से लंबित रहा। फरवरी 2018 में करीब 41.14 करोड़ रुपये का बजट प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा गया था, लेकिन उस पर आगे प्रगति नहीं हो सकी। योजना में पाई गई त्रुटियों के चलते प्रशासन ने संशोधित प्लान तैयार करने के निर्देश दिए थे।

नए प्लान के तहत करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर 6 मंजिला उप-जिला अस्पताल भवन प्रस्तावित है। अंतिम प्रस्ताव में आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल का खाका तैयार किया गया है, जिससे क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ा सहारा मिलने की उम्मीद है।

सार्वजनिक बांधकाम विभाग के उपअभियंता संजय यादव ने बताया कि, “संशोधित योजना के अनुसार 6 मंजिला बिल्डिंग में 100 बेड का उप-जिला अस्पताल बनाया जाएगा। इसके लिए 110 से 120 करोड़ रुपये के फंड की आवश्यकता होगी। नया प्रस्ताव स्वास्थ्य विभाग को अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा।”

करीब 11 वर्षों में यह दूसरी बार है जब नवघर उप-जिला अस्पताल परियोजना के लिए नया प्रस्ताव तैयार किया गया है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि इस बार योजना को शीघ्र मंजूरी मिलेगी और क्षेत्र को बहुप्रतीक्षित स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com