मुंबई (सं.भा.) घर में किसी की अचानक तबीयत बिगड़ जाए तो परिवार की पहली चिंता मरीज को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने की होती है। लेकिन मनोरी, कुलबे और गोराई क्षेत्र के लोगों के लिए अस्पताल तक पहुंचना आज भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। मनोरी गांव मनपा के पी/उत्तर विभाग के अंतर्गत आता है, जबकि कुलबे गांव एवं गोराई क्षेत्र आर/मध्य विभाग के अंतर्गत आते हैं।
इन इलाकों में सरकारी अथवा मनपा अस्पताल नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों और दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल इलाज के लिए दूसरे इलाकों का रुख करना पड़ता है। मनोरी के लोगों को मार्वे के रास्ते मालाड की ओर जाना पड़ता है, जबकि कुलबे गांव एवं गोराई के लोगों को बोरीवली तथा उत्तन के रास्ते मीरा-भायंदर की ओर जाना पड़ता है। आपात स्थिति में मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने का यह सफर परिवार के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है।
- स्थानीय नागरिकों के अनुसार, क्षेत्र में वर्षों से अस्पताल की मांग की जा रही है। अस्पताल के लिए भूखंड भी आवंटित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से मनपा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों का सवाल है कि जब अस्पताल के लिए जमीन उपलब्ध कराई जा चुकी है, तो निर्माण कार्य कब शुरू होगा और अस्पताल की सुविधा कब मिलेगी।
वहीं, बोरीवली विधानसभा क्षेत्र के विधायक और स्थानीय नगरसेवकों की जवाबदेही को लेकर भी नागरिक सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर वादे किए जाते हैं, लेकिन अस्पताल जैसी स्थायी सुविधा के लिए वर्षों तक इंतजार करना पड़ रहा है। जनता जानना चाहती है कि मनोरी, कुलबे और गोराई की इस मूलभूत जरूरत को आखिर कब प्राथमिकता मिलेगी।
दूसरी ओर, नागरिकों का कहना है कि त्योहारों, नेताओं के जन्मदिन और विभिन्न आयोजनों के दौरान बड़े-बड़े होर्डिंग और पोस्टर लगाकर प्रचार पर भारी रकम खर्च की जाती है। लोगों का सवाल है कि यदि यही पैसा जनता की स्थायी स्वास्थ्य सुविधा पर लगाया जाए तो क्या क्षेत्र की समस्या दूर नहीं हो सकती? दिखावे के लिए कभी मेडिकल कैंप आयोजित कर देने से स्थायी स्वास्थ्य समस्या का समाधान नहीं होगा। मेडिकल कैंप कुछ समय के लिए राहत दे सकता है, लेकिन जनता को हमेशा के लिए अस्पताल और नियमित स्वास्थ्य सुविधा चाहिए।
परिवर्तन फाउंडेशन ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए कहा है कि जनता को दिखावे और प्रचार से ज्यादा स्थायी सुविधा की जरूरत है। संस्था की मांग है कि अस्पताल के लिए आवंटित भूखंड की स्थिति स्पष्ट की जाए, निर्माण कार्य में देरी का कारण बताया जाए और जल्द से जल्द अस्पताल का निर्माण शुरू किया जाए।
अब सवाल यह है कि मनोरी, कुलबे और गोराई के लोगों को इलाज के लिए कब तक समुद्र पार कर मालाड, बोरीवली, उत्तन या मीरा-भायंदर का रुख करना पड़ेगा? जब अस्पताल के लिए भूखंड उपलब्ध है, तो फिर निर्माण कार्य में देरी क्यों हो रही है और इस मूलभूत सुविधा के लिए जनता को और कितना इंतजार करना पड़ेगा, इसका जवाब मनपा प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को देना होगा।


