फतेहपुर (सं. भा.) : जमीन का भूखंड तो है, लेकिन घर बनाने के लिए पैसा नहीं है ऐसे गरीबों को रविवार के दिन जब पीएम आवास शहरी की चाबी भी मिली तो मन खुशी से चहक उठा और चेहरे खिल उठे। 25 गरीबों को आवास की चाबी और 25 को स्वीकृत पत्र सौंपते हुए केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि सरकार को हर वर्ग और गरीब की चिता है। अब ऐसे गरीबों को चिता करने की जरूरत नहीं हैं, जिनके पास पैसा नहीं है। सरकार उन्हें घर बनाने के लिए पीएम आवास शहरी योजना से ढाई लाख की मदद दे रही है।
विकास भवन में नगरीय विकास अभिकरण डूडा की तरफ आयोजित वितरण समारोह में केंद्रीय मंत्री ने लाभार्थियों को लाभ दिए। बता दें पीएम आवास शहरी योजना वर्ष 2018 में आरंभ हुई थी। योजना के तहत नगर पालिका सदर व बिदकी तथा नगर पंचायत किशनपुर, बहुआ, हथगाम, जहानाबाद, खागा के 17 हजार गरीबों ने योजना के लिए आवेदन किया था। जिसके बाद सत्यापन शुरू हुआ और अब तक 6760 आवेदकों को योजना का पात्र माना गया है। पात्र पाए गए लोगों में से सभी को पहली किस्त प्रदान की जा चुकी है। दूसरी और तीसरी किस्त देने का क्रम जारी है। जिन लोगों के आवास पूर्ण हो गए हैं, उन्हें आयोजन कर चाबी भी सौंपी जा रही है। रविवार हुए चाबी वितरण में सदर विधायक विक्रम सिंह, खागा विधायक कृष्णा पासवान, जिला अध्यक्ष आशीष मिश्र, सीडीओ सत्य प्रकाश, एडीएम न्यायिक विनीता सिंह, परियोजना निदेशक नगरीय विकास अभिकरण डूडा अजय शुक्ला मौजूद रहे।


