spot_img
Homeमुंबईहोली स्पेशल ट्रेनों का ऐलान, 9 लाख यात्रियों को मिलेगी राहत

होली स्पेशल ट्रेनों का ऐलान, 9 लाख यात्रियों को मिलेगी राहत

मुंबई (सं.भा.): होली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मुंबई से यूपी, बिहार और अन्य राज्यों के लिए यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे ने बड़ी संख्या में होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है, जिससे करीब 9 लाख से अधिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे के अनुसार पश्चिम रेलवे द्वारा 231 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनसे लगभग 4.60 लाख यात्रियों की यात्रा आसान होगी। वहीं मध्य रेलवे ने भी 209 होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है, जिससे करीब 4.18 लाख यात्रियों को राहत मिलेगी। ये सभी विशेष ट्रेनें 1 मार्च से 22 मार्च के बीच संचालित की जाएंगी।

इन ट्रेनों के माध्यम से यूपी, बिहार, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में जाने वाले यात्रियों को त्योहार के दौरान भीड़भाड़ से निजात मिलेगी। यात्रियों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे के प्रमुख टर्मिनस स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया भी तैयार किए गए हैं। पश्चिम रेलवे के दादर, बांद्रा टर्मिनस और मुंबई सेंट्रल, जबकि मध्य रेलवे के सीएसएमटी, दादर और कुर्ला टर्मिनस पर विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए बैठने की व्यवस्था, महिला-पुरुष व दिव्यांगजन शौचालय, मेडिकल सुविधा, हेल्प डेस्क, टिकटिंग काउंटर, एटीवीएम, खानपान स्टॉल और सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही अनारक्षित यात्रियों को लंबी कतारों से राहत देने के लिए एम-यूटीएस सहायक होल्डिंग एरिया में घूम-घूमकर टिकट जारी करेंगे। पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ विनीत अभिषेक ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कदम भी उठाए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com