spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईअस्मिता मिश्रा मौत मामले में न्याय की उम्मीद जगी अब सीबीआई को...

अस्मिता मिश्रा मौत मामले में न्याय की उम्मीद जगी अब सीबीआई को मिला जांच का आदेश

मुंबई: मुंबई के चर्चित अस्मिता मिश्रा मौत मामले में बड़ा मोड़ आया है। लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे मिश्रा परिवार को बड़ी राहत देते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट ने अब इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का आदेश दिया है।
मुंबई के मालाड निवासी व समाजसेवी अमर मिश्रा की 26 वर्षीय विवाहिता बेटी अस्मिता मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, जिसे परिवार शुरू से हत्या बता रहा है। परिवार के इस आरोप को तब बल मिला जब बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस मामले को सीबीआई से जांच करवाने के आदेश दिए।
गौरतलब है कि, अस्मिता की शादी साल 2021 में ठाणे जिले के मीरा रोड निवासी अभय मिश्रा से हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज और संपत्ति को लेकर अस्मिता को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों के मुताबिक ससुराल पक्ष द्वारा फ्लैट अपने नाम कराने और महंगे सामान की मांग को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। इस दौरान अस्मिता के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के भी आरोप लगे। फरवरी 2023 में अस्मिता ने अपने पिता को फोन कर पति और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा पिटाई करने और तलाक के लिए दबाव दिए जाने की जानकारी दी थी। इसके ठीक दो दिन बाद ही उसके पति अभय ने फोन कर बताया कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
अस्पताल में परिजनों को अस्मिता के शरीर पर चोट के निशान दिखाई पड़े, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। इस मामले में काशिमीरा पुलिस ने शुरुआत में
आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया, लेकिन विरोध और दबाव के बाद विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ससुराल पक्ष के कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया। हालांकि पति को अग्रिम जमानत मिल गई।
मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई विसंगतियां सामने आने के बाद पिता डॉक्टर अमर मिश्रा ने अदालत का रुख किया। याचिका में जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए सीबीआई जांच की मांग की गई थी।
सुनवाई के दौरान अदालत ने भी जांच में खामियों को गंभीरता से लिया और अंततः मामले को सीबीआई के सुपुर्द करने का आदेश दिया। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में केंद्रीय एजेंसी सच्चाई की परतें खोलने में जुटेगी, जिस पर सभी की नजरें टिकी है और भविष्य में न्याय मिलने की उम्मीद भी जगी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com