मुंबई :(सं.भा.) राज्य सरकार और बीएमसी एक ओर उत्तर मुंबई के गोराई इलाके में लगभग 33 करोड़ खर्च कर मैंग्रोव पार्क बना कर उसे भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का नाम देने जा रही है। तो, वहीं दूसरी ओर इसी उत्तर मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित एक्सर इलाके में मैंग्रोवज के जंगलों के बीच में आलीशान रिसॉर्ट्स, बैंक्वेट हॉल, होटल सहित बड़े – बड़े शादी के हॉल बनाए गए हैं, जो सरकार के मैंग्रोव संरक्षण के अभियान को ठेंगा दिखाते नजर आते हैं।

इन्हीं निर्माणों में शामिल है आलीशान एस. के. रिसॉर्ट जिसको लेकर सत्ता के स्थानीय प्रतिनिधियों ने मैंग्रोवज संरक्षण और पर्यावरण के नाम पर पहले तो जम कर हंगामा मचाया , पर बाद में यह शोर समय के साथ न सिर्फ धीमा पड़ता गया बल्कि वर्त्तमान में एकदम शांत पड़ चुका है। ऐसा क्यों ? यह आम जनमानस के अंदर भी सवाल उठ रहा है, पर उसे ठोस जवाब नही मिल पा रहा है। इसका एक मुख्य कारण यह भी हो सकता है कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी संभालने वाले तंत्र पर राजनीतिक संरक्षण के अलावा आर्थिक हित का दबाव पड़ा हो। ऐसे में मैंग्रोवज का कत्ल कर वहां क्या कुछ नही बनाया जा सकता है।

बहरहाल , इलाके का निजाम बदलने के बाद एस के रिसॉर्ट पर बीएमसी की तोड़क कार्रवाई हुई तब मामला और गर्मा गया है। एनसीपी नेता और बॉम्बे हाई कोर्ट के अधिवक्ता इंद्रपाल सिंह ने बीएमसी पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा है कि एक ओर चुनिंदा निर्माणों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि मैंग्रोव क्षेत्र में बने कई अन्य कई कथित अवैध रिसॉर्ट, होटल और बैंक्वेट हॉल को नजरअंदाज किया जा रहा है।
इंद्रपाल सिंह का आरोप है कि एक्सर और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर मैंग्रोव पेड़ों की कटाई कर निर्माण कार्य किए गए हैं। उनका कहना है कि पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी कर बनाए गए ये निर्माण भविष्य में बड़े हादसों का कारण बन सकते हैं और यहां आने वाले सैकड़ों लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन निर्माण स्थलों पर बाहरी मजदूरों से बड़े स्तर पर काम कराया जा रहा है।
इस पूरे मामले में अब सामाजिक संस्थाएं भी खुलकर सामने आने लगी हैं। परिवर्तन फाउंडेशन ने इंद्रपाल सिंह के अभियान का समर्थन करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। संस्था का कहना है कि मैंग्रोव केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि मुंबई की सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा अहम मुद्दा है। संस्था ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले वर्षों में पर्यावरणीय संकट और गंभीर हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार एक्सर रोड पर संचालित कुछ शादी हॉल, होटल और रिसॉर्ट कारोबार में स्थानीय नेताओं और उनके सहयोगियों की आर्थिक हिस्सेदारी होने की भी चर्चाएं तेज हैं। इसी वजह से अब यह मामला केवल अवैध निर्माण तक सीमित न रहकर राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर रहा है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन इलाके में इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

सूत्र बताते हैं कि अब कई अन्य सामाजिक और पर्यावरणीय संगठन भी इस अभियान से जुड़ने की तैयारी में हैं। इंद्रपाल सिंह ने कहा कि वह इस पूरे मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात करेंगे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी इस मुद्दे से अवगत कराएंगे। तथा जल्द ही मुंबई हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की जाएगी।
प्रस्तावित याचिका में महाराष्ट्र सरकार, वन एवं पर्यावरण विभाग, संबंधित मंत्री, जिम्मेदार अधिकारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को पक्षकार बनाने की तैयारी है। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि अब भी मैंग्रोव कटाई और कथित अवैध निर्माण पर रोक नहीं लगी, तो यह मामला आने वाले समय में मुंबई के लिए बड़े पर्यावरणीय और मानव सुरक्षा संकट का रूप ले सकता है।


