मीरा-भाईंदर मनपा ने करदाताओं को चेताया
मीरा-भाईंदर (सं. भा.) :मीरा-भाईंदर मनपा ने करदाताओं को चेतावनी दी है कि अगर संपत्ति कर भरने के लिए चेक देते हैं और अगर चेक बाउंस हो जाता है तो उनके खिलाफ फौजदारी का मामला दर्ज किया जाएगा।
गौरतलब है कि संपत्ति कर की वसूली को लेकर मीरा-भाईंदर मनपा ने सख्त रुख अपनाया है। मनपा ने चेक बाउंस करने वाले बकाएदारों पर फौजदारी केस दर्ज करने का निर्णय लिया है। तीन दिन का अल्टीमेटम भी दिया है। तीन दिन में ऑनलाइन पेमेंट न करने पर एफआईआर दर्ज कराया जाएगा।
बता दें कि मीरा-भाईंदर मनपा ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 200 करोड़ संपत्ति कर की वसूली का लक्ष्य रखा था। अभी तक लगभग 140 करोड़ रुपये की वसूली हुई है। आगामी डेढ़ महीने में मनपा ने अधिकारियों को 60 करोड़ रुपये वसूल करने का लक्ष्य दिया है। सूत्रों के अनुसार, संपत्ति कर बकाएदारों ने चेक के जरिए भी प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान किया था। इसमें से 500 चेक बाउंस हो गए हैं। ऐसे डिफॉल्टर्स को चिन्हित करते हुए मनपा ने तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है।


