spot_img
Homeमुंबई90 फीट रोड पर अवैध कब्ज़ों का बोलबाला!

90 फीट रोड पर अवैध कब्ज़ों का बोलबाला!

हाई कोर्ट के आदेश हवा में, प्रशासन मूकदर्शक

मुंबई (सं.भा.): कांदिवली (प.) के वार्ड क्र. 31 स्थित 90 फीट रोड पर अवैध फेरीवालों का कब्ज़ा इस हद तक बढ़ गया है कि यह मार्ग अब एक अनियंत्रित और अव्यवस्थित बाजार में तब्दील हो चुका है। बॉम्बे हाई कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों—फुटपाथ खाली रखने, सार्वजनिक मार्ग बाधा-मुक्त रखने और अवैध व्यापार रोकने—के बावजूद इस क्षेत्र में नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। फुटपाथ पूरी तरह गायब हो चुके हैं और नागरिक मजबूरी में भीड़भाड़ से भरी सड़क पर चलने को विवश हैं। इसके अलावा उनके पास कोई विकल्प भी नहीं है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मनपा की लापरवाही और कुछ कर्मचारियों की कथित शह के बिना यह अवैध कारोबार इतनी तेजी से खड़ा नहीं हो सकता था। शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक सड़क पर असहनीय जाम लगता है, जिससे एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों का मार्ग तक अवरुद्ध हो जाता है। कई बुजुर्गों और महिलाओं ने बताया कि वे इस मार्ग पर चलने से कतराते हैं क्योंकि फेरीवालों ने हर कोना घेर रखा है।

सड़क की इस दुर्दशा को लेकर नागरिकों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी नाराज़गी व्यक्त की है। उनका कहना है कि शायद स्थानीय विधायक योगेश सागर इस मार्ग से गुजरते ही नहीं, इसलिए उन्हें यहां की स्थिति का अंदाज़ा भी नहीं है। वहीं बोरीवली के विधायक संजय उपाध्याय का उदाहरण देते हुए नागरिक कहते हैं कि उन्होंने अपने क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए स्वयं सक्रिय भूमिका निभाई, जोखिम उठाए, धमकियों का सामना किया—फिर कांदिवली में ऐसा संकल्प क्यों नहीं दिखाई देता? क्या स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इस इलाके की बदहाली दिखाई नहीं देती?

स्थानीय लोगों का आरोप है कि 90 फीट रोड पर अवैध व्यापार करने वालों को ‘अनकही सुरक्षा’ प्राप्त है, जिसके कारण मनपा की कार्रवाई का कोई भय नहीं रह गया है। नागरिकों का यह भी कहना है कि मनपा अन्य क्षेत्रों में कभी-कभार प्रतीकात्मक कार्रवाई कर लेती है, लेकिन इस मार्ग पर वर्षों से किसी प्रकार की गंभीर कार्रवाई नहीं हुई, जबकि समस्या सबसे अधिक यहीं विकराल है।

फुटपाथों के गायब होने, सड़क के संकरे होने और लगातार बढ़ती भीड़-भाड़ से दुर्घटना की आशंका हर समय बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधि अब भी नहीं जागे, तो वे इस मामले को हाई कोर्ट में जनहित याचिका के रूप में ले जाने को बाध्य होंगे।

90 फीट रोड की यह स्थिति केवल स्थानीय असुविधा का विषय नहीं रह गई है—यह अब सार्वजनिक सुरक्षा, प्रशासनिक जवाबदेही और न्यायालय के आदेशों की खुली अवहेलना का गंभीर मुद्दा बन चुकी है। देखना है कि इस समस्या का समाधान कब होता है?

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com