विरोधी दल भी सतर्क
मुंबई (सं.भा.): बीएमसी चुनाव की घोषणा के साथ ही उत्तर मुंबई के चारकोप विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जहां एक ओर बीजेपी का दबदबा बरकरार माना जा रहा है, वहीं पार्टी के भीतर टिकट बंटवारे को लेकर बेचैनी भी साफ नजर आने लगी है।
पिछले बीएमसी चुनाव में चारकोप विधानसभा के अंतर्गत आने वाले छह प्रभागों में से पांच पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी। जीत का अंतर भी इतना बड़ा था कि कांग्रेस, शिवसेना और मनसे के उम्मीदवार मुकाबले में पीछे रह गए थे। ऐसे में आगामी चुनाव में बीजेपी के इस गढ़ में सेंध लगाना विपक्षी दलों के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
हालांकि इस बार बीजेपी में नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट न देने की चर्चा जोर पकड़ने लगी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठन और प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवार तय किए जाएंगे, जिसके चलते कुछ प्रभावशाली नेताओं के करीबी और रिश्तेदारों का टिकट कटने की आशंका से अंदरूनी असहजता बढ़ गई है।
चारकोप में बदले सियासी समीकरणों के बावजूद बीजेपी की स्थिति मजबूत बनी हुई है। शिवसेना में फूट और कांग्रेस की कमजोर पकड़ ने विपक्ष को और कठिन स्थिति में डाल दिया है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी चारकोप सीट से बीजेपी प्रत्याशी योगेश सागर ने भारी मतों से जीत दर्ज की थी, जिससे क्षेत्र में पार्टी की पकड़ और मजबूत मानी जा रही है।


