मुंबई (सं. भा.) सोशल मीडिया पर कुछ अंजान लोग दोस्ती कर ऐसा दिखावा करते हैं कि वे हमारे कितने बड़े हमदर्द हैं। इसी हमदर्दी और चिकनी चुपड़ी बातों की आड़ में उनके मंसूबों को पहचानना काफी मुश्किल होता है। ऐसे लोगों के झांसे में आ कर कई लोग अपना सबकुछ लूटा बैठते हैं, खासकर नाबालिग। ऐसा ही एक शर्मशार कर देने वाला मामला मुंबई के मालाड (प) स्थित मालवणी पुलिस स्टेशन की हद में घटित हुआ है। यहां एक 16 वर्षीय नाबालिग के साथ सामुहिक दुष्कर्म करने के आरोप में कुल 6 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। यह सभी नाबालिग युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्त बने थे। इन्हीं में से एक का 31 मई को जन्मदिन था। वही मनाने के बहाने उन दोस्तों ने उसे आधीरात को मढ के एक पांच सितारा होटल के पास बुलाया। वहां उन लोगों ने एक कार में बारी बारी से दुष्कर्म किया। गिरफ्तार आरोपियों पर बलत्कार सहित पोक्सो ऐक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी को न्यायालय ने 10 जून तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है।

मालवणी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शेखर भालेराव के अनुसार 31 मई को 16 वर्षीय पीड़िता मढ़ आयरलैंड स्थित अपने घर से लापता हो गई थी। उसकी मां ने मालवणी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। चुकि लड़की नाबालिग थी इसलिए पुलिस ने तुरंत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर गंभीरता से छानबीन शुरू किया।
गुमशुदगी रिपोर्ट के अगले दिन यानी कि 1 जून को पीड़िता जब घर वापस आई तो बहुत डरी और घबराई हुई थी। कई बार पूछने के बाद भी उसने परिवार के सदस्य को कुछ नहीं बताया. उसी दौरान मां ने पुलिस को लड़की के लौटने की सूचना दे दी। मालवणी पुलिस की एक टीम तुरंत घर पहुँचकर लड़की को विश्वास में लेकर उससे पूछताछ की तो उसने सारी कहानी बयां की।
लड़की द्वारा दिए गए बयान के मुताबिक उसके इंस्टाग्राम के एक दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए उसे मढ़ आइलैंड के रिट्रीट होटल के पास बुलाया गया था। उस दौरान वहां अन्य दो युवक भी मौजूद थे जिन्हें युवती इंस्टाग्राम के माध्यम से जानती थी। वहां खड़ी कार में केक काटकर उसके दोस्त का जन्मदिन मनाया. उसके बाद तीन युवक में से दो ने कार के अंदर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
रात काफी होने के कारण घर जाने के बजाय वह मालवणी चर्च में एक अन्य इंस्टाग्राम मित्र के घर गई।वहां उसका दोस्त घर में अकेला था। उसने भी लड़की के अकेलेपन का फायदा उठाकर उसके साथ बलात्कार किया।
लड़की ने अपने बयान में आगे बताया कि वह उस दोस्त के घर से निकली और वापस अपने घर के पास मढ़ आ गई लेकिन देर रात होने के कारण घर जाने की बजाय वह फिर से एक और दोस्त के घर चली गई और उसने भी इसका फायदा उठाकर उसके साथ संबंध बनाया। युवती के अनुसार इस बीच अन्य दो युवकों ने उसके साथ छेड़खानी भी की। उसके बयान और निशानदेही पर मालवणी पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की उम्र 18 से 26 वर्ष के बीच बताई गई है।


