मुंबई (स भा): कांग्रेस विधायक असलम शेख ने मतदाता सूची में अपने नाम के दो स्थानों पर दर्ज होने की खबर पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह उनकी नहीं, बल्कि चुनाव आयोग की गलती है। शेख ने कहा कि वे पारदर्शी राजनीति में विश्वास रखते हैं और इस तरह की त्रुटियां केवल प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती हैं। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह इस मामूली तकनीकी गलती को राजनीतिक रंग देकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
मालाड (पश्चिम) से कांग्रेस विधायक असलम शेख ने कहा कि उन्हें खुद यह सुनकर हैरानी हुई कि उनका नाम मतदाता सूची में दो जगह दर्ज है। उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। आज जब तकनीक इतनी विकसित है, तब ऐसी गलतियां अस्वीकार्य हैं।”
भाजपा द्वारा इसे मुद्दा बनाए जाने पर असलम शेख ने कहा, “भाजपा को जनता के असली मुद्दों से कोई लेना-देना नहीं है। वह लोगों का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे बेबुनियाद आरोप लगा रही है।”
असलम शेख ने यह भी बताया कि भाजपा नेता आशीष शेलार खुद मान चुके हैं कि मतदाता सूची में डुप्लीकेट नामों की समस्या है। उन्होंने कहा, “जब भाजपा खुद गड़बड़ी स्वीकार कर रही है, तब कांग्रेस को दोष देना गलत है।”
अंत में असलम शेख ने कहा कि कांग्रेस निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रणाली की पक्षधर है, और उम्मीद है कि चुनाव आयोग जल्द ही इस त्रुटि को सुधारकर स्थिति स्पष्ट करेगा।


