मुंबई (सं.भा.) मुंबई में बच्चों के रचनात्मक और शैक्षणिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से जवाहर बालभवन को आधुनिक सुविधाओं के साथ नए रूप में तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को नवीनीकृत जवाहर बालभवन भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 1952 में तत्कालीन राष्ट्रपति द्वारा उद्घाटित इस ऐतिहासिक बालभवन का करीब 75 वर्षों बाद व्यापक नवीनीकरण किया गया है। अब यहां बच्चों के लिए कला, संस्कृति और संगीत व वाद्य प्रशिक्षण की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही परिसर में एक आधुनिक साइंस पार्क विकसित किया जाएगा, जिससे बच्चों को विज्ञान और तकनीक से जुड़ी गतिविधियों को समझने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार, नई सुविधाओं के शुरू होने के बाद हर महीने करीब एक लाख विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर वातावरण देने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, मंत्री दादाजी भुसे, विधायक दीपक केसरकर सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


