मुंबई (सं.भा.) भारतीय सिनेमा की बहुचर्चित पौराणिक फिल्म ‘रामायण: द राइज ऑफ अ लेजेंड’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बनी हुई है। फिल्म में कलाकारों के किरदारों और उनके भव्य लुक की झलकियां सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन रही हैं। इसी कड़ी में अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने मंदोदरी के रूप में अपनी कुछ खास तस्वीरें साझा कर प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित किया है।
फिल्म में काजल अग्रवाल लंकापति रावण की पत्नी मंदोदरी की भूमिका निभा रही हैं। सोशल मीडिया पर साझा की गई पर्दे के पीछे की तस्वीरों में उनका अंदाज किसी महारानी से कम नहीं दिखाई दे रहा है। लाल, गुलाबी और मैरून रंगों के पारंपरिक परिधानों के साथ भारी स्वर्ण आभूषण और सिर पर सजा भव्य मुकुट उनके किरदार की शाही गरिमा को दर्शाता है। उनका यह रूप सामने आने के बाद प्रशंसकों के बीच फिल्म को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
काजल ने तस्वीरों के साथ अपने संदेश में कहा कि किसी फिल्म में किरदार की अहमियत इस बात से तय नहीं होती कि वह कितनी देर पर्दे पर दिखाई देता है। बल्कि कहानी की भव्यता, निर्माण के पीछे की मेहनत और किसी बड़ी आस्था से जुड़ी रचना का हिस्सा बनना ही कलाकार के लिए सबसे बड़ा अनुभव होता है। उनके इस संदेश से साफ है कि फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए खास मायने रखता है।
काजल की तस्वीरों पर प्रशंसकों ने भी खूब प्रतिक्रियाएं दी हैं। कई लोगों ने उनके मंदोदरी वाले रूप की तुलना फिल्म में सीता की भूमिका निभा रहीं साई पल्लवी से की। कुछ प्रशंसकों ने तो यहां तक टिप्पणी की कि मंदोदरी के रूप में काजल इतनी प्रभावशाली लग रही हैं कि उनकी खूबसूरती के सामने दूसरे किरदार भी फीके नजर आते हैं।
एक पुराने इंटरव्यू में काजल अग्रवाल ने फिल्म के निर्माण और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को लेकर अपना अनुभव साझा किया था। उन्होंने बताया था कि इस फिल्म की तकनीकी भव्यता उनके लिए बिल्कुल नया अनुभव है। बतौर कलाकार उन्होंने पहले कभी इस तरह की परियोजना में काम नहीं किया था।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, सनी देओल, रवि दुबे, अनुपम खेर, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, अरुण गोविल, लारा दत्ता और इंदिरा कृष्णन सहित कई जाने-माने कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में यश रावण और रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं।
‘रामायणम्’ से सामने आया काजल अग्रवाल का शाही अवतार, मंदोदरी के लुक की हो रही चर्चा
RELATED ARTICLES


