मुंबई (सं.भा.) त्योहार खुशियां और अपनों के साथ का एहसास लेकर आते हैं, लेकिन जब कोई मां अपने बच्चों से दूर हो तो यही मौके उसकी तकलीफ को और बढ़ा देते हैं। अभिनेत्री सेलिना जेटली के लिए इस बार की दिवाली भी कुछ ऐसी ही रही। लगातार दूसरी बार उन्हें अपने तीनों बेटों के बिना त्योहार मनाना पड़ रहा है। बच्चों की याद में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया, जिसमें अपने दिल का दर्द और बेटों के प्रति बेपनाह प्यार जाहिर किया है।
सेलिना के तीनों बेटे विंस्टन, विराज और आर्थर फिलहाल ऑस्ट्रिया में अपने पिता पीटर हाग के साथ रह रहे हैं। वहीं, अभिनेत्री और उनके पति के बीच तलाक तथा बच्चों की कस्टडी को लेकर कानूनी प्रक्रिया चल रही है। इस पारिवारिक मुश्किल के बीच सेलिना ने 8 नवंबर को इंस्टाग्राम पर अपने बेटों को याद करते हुए भावनात्मक पोस्ट लिखी।
अभिनेत्री ने कहा कि उनके बच्चों को इस उम्र में जिस मानसिक परेशानी से गुजरना पड़ रहा है, उसका उन्हें बेहद दुख है। उन्हें इस बात का भी डर है कि कहीं परिस्थितियों और उनके आसपास कही जा रही बातों के बीच बच्चे मां के प्यार को न भूल जाएं। उन्होंने लिखा कि उन्हें सबसे ज्यादा तकलीफ इस बात से होती है कि उनके मासूम बेटों को ऐसा महसूस हो रहा होगा कि उन्हें माता-पिता में से किसी एक का पक्ष चुनना है।
सेलिना ने अपने संदेश में यह भी स्पष्ट किया कि उनके कानूनी और आर्थिक फैसले परिवार के भविष्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से हैं। उन्होंने अपने पूर्व पति का जिक्र करते हुए इस बात के लिए आभार भी जताया कि उन्हीं के साथ से उन्हें मां बनने का सुख मिला।
अपने बेटों को भरोसा दिलाते हुए अभिनेत्री ने लिखा कि मां ने उन्हें कभी नहीं छोड़ा है और न ही कभी उनसे किसी एक को चुनने के लिए कहा है। साथ बिताए गए पल, उनका प्यार और भविष्य के सपने हमेशा उनके दिल में रहेंगे। उन्होंने बेटों को अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि वही उन्हें हर मुश्किल परिस्थिति में आगे बढ़ने की हिम्मत देते हैं। सेलिना की इस पोस्ट पर उनके प्रशंसक भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
तलाक और बच्चों की कस्टडी की लड़ाई के बीच सेलिना की भावुक अपील, बेटों के नाम लिखा संदेश
RELATED ARTICLES


