spot_img
Homeमहाराष्ट्रछठी मैया की भक्ति में डूबे खेसारी लाल यादव, महापर्व से पहले...

छठी मैया की भक्ति में डूबे खेसारी लाल यादव, महापर्व से पहले रिलीज किया नया छठ गीत

मुंबई (सं.भा.) छठ महापर्व की आस्था और लोक परंपरा को भोजपुरी संगीत के जरिए लोगों तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। पर्व नजदीक आते ही भोजपुरी कलाकारों के छठ गीत रिलीज होने लगे हैं। इसी कड़ी में लोकप्रिय भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने अपना नया छठ गीत ‘माई बिया पनिया में खाड़’ दर्शकों के सामने पेश किया है। गीत में छठी मैया की भक्ति के साथ पारंपरिक पूजा-पद्धति और घाटों की रौनक को खूबसूरती से दर्शाया गया है।
इस गीत को खेसारी लाल यादव ने अपनी आवाज दी है। वीडियो में वह अभिनेत्री अदिति किंकर के साथ नजर आ रहे हैं। पीले रंग के पारंपरिक कुर्ते में सजे खेसारी छठ पूजा के पंडाल में व्रती महिलाओं के बीच भक्ति गीत प्रस्तुत करते दिखाई देते हैं। इसके अलावा छठ घाटों की सजावट, पूजा की तैयारियों और पर्व के पारंपरिक माहौल को भी वीडियो में जगह दी गई है।
चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व बिहार, झारखंड और पूर्वांचल सहित देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दौरान व्रती महिलाएं और पुरुष छठी मैया तथा भगवान सूर्य की आराधना करते हैं। ऐसे में छठ गीतों का विशेष महत्व रहता है। भोजपुरी संगीत जगत में भी इस अवसर पर नए गीतों के जरिए लोक संस्कृति और धार्मिक आस्था को प्रस्तुत करने की परंपरा रही है।
खेसारी लाल यादव के नए गीत को सोशल मीडिया पर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। प्रशंसक इसे पारंपरिक छठ गीत बताते हुए पसंद कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि खेसारी के गीतों के बिना छठ पर्व की रौनक अधूरी लगती है। अब देखना होगा कि उनका यह नया भक्तिमय गीत इस छठ महापर्व पर श्रोताओं के बीच कितना लोकप्रिय होता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com